T20 क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव का 'फायर' रिकॉर्ड, दूर-दूर तक कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में यूएसएस के साथ खेले गए मुकाबले के बाद सूर्यकुमार यादव ने खास उपलब्धि हासिल की. साथ ही उन्होंने विराट कोहली को पछाड़ दिया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

टी20 विश्व कप 2026 के पहले मुकाबले में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय टीम ने अमेरिका के खिलाफ जीत के साथ अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की. इस मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने न सिर्फ टीम को संकट से बाहर निकाला बल्कि एक बड़े उलटफेर की आशंका को भी पूरी तरह खत्म कर दिया. जब भारतीय पारी लड़खड़ा रही थी तब सूर्यकुमार चट्टान की तरह क्रीज पर डटे रहे और इतिहास रच दिया.

सूर्यकुमार यादव की जिम्मेदारी भरी पारी 

मैच की शुरुआत भारत के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं रही. वानखेड़े की पिच उम्मीद के विपरीत धीमी साबित हुई जिसका फायदा उठाते हुए अमेरिकी गेंदबाजों ने शुरुआती झटके दिए. एक समय भारत ने महज 77 रन के स्कोर पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे और बड़ा स्कोर बनाना मुश्किल नजर आ रहा था. ऐसे हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और पारी को बखूबी आगे बढ़ाया.

सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने सूझबूझ के साथ खेलते हुए पहले पारी को संभाला और फिर सही मौके पर अमेरिकी गेंदबाजी आक्रमण पर आक्रामक रुख अपनाया. उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. अमेरिकी टीम को कुछ गेंदबाजों की चोट का नुकसान जरूर हुआ लेकिन सूर्यकुमार के आत्मविश्वास भरे शॉट्स ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.

भारतीय गेंदबाजों ने बनाया दबाव 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम को भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव में रखा. हालांकि, बीच के ओवरों में अमेरिका को कुछ मौके मिले लेकिन भारत के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने वे टिक नहीं सके. पूरी टीम 132 रन पर 8 विकेट खोकर सिमट गई और भारत ने यह मुकाबला 29 रनों से अपने नाम कर लिया.

मैच का रुख पूरी तरह बदल देने वाली पारी के लिए सूर्यकुमार यादव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. इसके साथ ही उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा कीर्तिमान भी स्थापित किया. यह उनका 17वां प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार रहा, जिससे उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया और इस प्रारूप में भारत के लिए सबसे ज्यादा यह सम्मान जीतने वाले खिलाड़ी बन गए.

सूर्यकुमार यादव की उपलब्धि 

इस उपलब्धि के साथ सूर्यकुमार यादव अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ियों की वैश्विक सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. मौजूदा फॉर्म को देखते हुए आने वाले समय में वे शीर्ष स्थान की ओर तेजी से बढ़ सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag