Team India: भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान दो टेस्ट मैचों की वेस्टइंडीज श्रृंखला के लिए कर दिया गया है. इस बार टीम की अगुवाई युवा बल्लेबाज शुभमन गिल करेंगे. यह सीरीज 2 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू होगी. टीम चयन की घोषणा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने की.
इंग्लैंड दौरे पर शामिल किए गए बल्लेबाज करुण नायर को टीम से बाहर कर दिया गया है. चयन समिति ने उनके स्थान पर कर्नाटक के बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को मौका दिया है. पडिक्कल को लंबे समय से घरेलू क्रिकेट और इंडिया ए के प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह मिलने की संभावना थी और अब उन्हें यह बड़ा अवसर मिला है.
अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को इस टेस्ट सीरीज के लिए टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है. जडेजा पहले भी अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से टीम के लिए मैच विनर साबित हो चुके हैं. कप्तान शुभमन गिल के साथ उनका अनुभव टीम इंडिया के लिए बड़ी ताकत साबित होगा.
टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अब भी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं. इसी कारण वे वेस्टइंडीज सीरीज से भी बाहर रहेंगे. पंत की गैरमौजूदगी में टीम को नए विकल्पों पर भरोसा करना होगा. बता दें कि पंत इंग्लैंड दौरे पर चोटिल हो गए थे.
इस बार चयनकर्ताओं ने युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन बनाने की कोशिश की है. गिल जैसे उभरते सितारे को कप्तानी की जिम्मेदारी देना भारतीय क्रिकेट के भविष्य की दिशा को दर्शाता है. वहीं जडेजा का अनुभव और अन्य वरिष्ठ खिलाड़ियों का सहयोग टीम को मजबूती देगा.
वेस्टइंडीज की टीम भले ही टेस्ट क्रिकेट में उतार-चढ़ाव से गुज़र रही हो, लेकिन उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी में ऐसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी टीम को चौंका सकते हैं. भारतीय टीम को घरेलू परिस्थितियों का लाभ ज़रूर मिलेगा, लेकिन मेहमान टीम से कड़ी टक्कर की उम्मीद रहेगी.
देवदत्त पडिक्कल जैसे युवा खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर होगी. शुभमन गिल भी बतौर कप्तान अपने पहले बड़े अभियान में उतरेंगे, जिससे उनके नेतृत्व कौशल की असली परीक्षा होगी.
टीम इंडिया- शुभमन गिल (कप्तान) यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साईं सुदर्शन, देवदत्त पडिकल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, एन जगदीशन (विकेटकीपर) मोहम्मद सिराज, प्रसिद्धि कृष्णा और कुलदीप यादव
First Updated : Thursday, 25 September 2025