इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जाने वाले 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया बड़े बदलावों के साथ मैदान में उतरने को तैयार है. हेडिंग्ले टेस्ट में ऐतिहासिक हार के बाद, जहां टीम इंडिया के पांच बल्लेबाजों ने शतक जड़े फिर भी टीम को हार का सामना करना पड़ा. अब शुभमन गिल की कप्तानी में भारत की प्लेइंग इलेवन में कई नए नाम शामिल किए जा सकते हैं.
भारत की गेंदबाजी में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकते हैं. हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक, शानदार फॉर्म में चल रहे कुलदीप यादव को एक बार फिर टीम में मौका नहीं मिलेगा. ‘RevSportz’ की रिपोर्ट ने इन बदलावों की पुष्टि की है, जिसमें चार संभावित बदलावों की ओर इशारा किया गया है.
भारतीय तेज गेंदबाजी में सबसे बड़ा झटका है जसप्रीत बुमराह का बाहर होना. रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया जा रहा है. उनकी जगह पर नेट्स में शानदार लय में नजर आए आकाश दीप को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है. आकाश दीप की स्विंग इंग्लिश कंडीशंस में इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है.
टीम इंडिया इस बार दो स्पिनर्स के साथ उतर सकती है. असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने 30 जून की प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसके संकेत दिए थे. रविंद्र जडेजा के साथ वॉशिंगटन सुंदर को शामिल किया जा सकता है, जो नेट्स में बल्लेबाजी में भी प्रभावित कर रहे हैं. वॉशिंगटन सुंदर को शार्दुल ठाकुर की जगह मौका मिल सकता है, जिन्होंने पहले टेस्ट में बल्ले और गेंद दोनों से निराश किया.
पहले टेस्ट में महंगे साबित हुए प्रसिध कृष्णा को भी बाहर किया जा सकता है. उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है. अर्शदीप की बाएं हाथ की एंगल और स्विंग, इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान करने की क्षमता रखती है.
बल्लेबाजी विभाग में भी हलचल मच सकती है. करुण नायर या साईं सुदर्शन में से किसी एक को बाहर किया जा सकता है और उनकी जगह युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी को शामिल किया जा सकता है. रेड्डी का प्रदर्शन घरेलू क्रिकेट में काफी अच्छा रहा है और चयनकर्ता उन पर भरोसा जता सकते हैं.
भले ही कुलदीप यादव ने हालिया दौरों पर शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन टीम मैनेजमेंट उन्हें एक बार फिर प्लेइंग इलेवन से बाहर रख सकता है. ये फैसला पिच की परिस्थितियों और टीम संयोजन को ध्यान में रखते हुए लिया जा सकता है. First Updated : Tuesday, 01 July 2025