IPL 2026: बुमराह की गेंदों पर छक्के जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी आउट होते ही फूट-फूटकर रोये, देखें इनसाइड वायरल वीडियो

आईपीएल 2026 का रोमांचक मुकाबला राजस्थान और मुंबई के बीच खेला गया. इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह के गेंदों में शानदार प्रदर्शन किया, हालांकि वे जैसे ही आउट हुए वो बुरी तरह से रोने लगे, जिसका वीडियो अब सामने आ गया है.

Sonee Srivastav

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में हैं. मंगलवार रात मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने धमाकेदार बल्लेबाजी की, लेकिन आउट होने के बाद वे भावुक होकर रोते नजर आए. स्टेडियम से निकला एक इनसाइड वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी निराशा साफ दिख रही है.

बारिश के बाद शुरू हुआ मैच

मैच काफी देर से शुरू हुआ. पहले बारिश ने खेल में रुकावट डाली, जिसके कारण रात 10 बजे के बाद मैच शुरू हो पाया, लेकिन जैसे ही खेल शुरू हुआ, राजस्थान रॉयल्स की ओपनिंग जोड़ी ने रनों की बारिश कर दी. यशस्वी जायसवाल के साथ वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक शुरुआत की.

पहले ओवर में यशस्वी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन दूसरे ओवर में वैभव का सामना दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से हुआ. बुमराह की पहली गेंद पर ही वैभव ने शानदार छक्का जड़ दिया. पूरे ओवर में उन्होंने बुमराह को कई बेहतरीन शॉट लगाए और रन बनाए. बुमराह भी उनके खेल से प्रभावित नजर आए.

शार्दुल ठाकुर ने किया आउट

वैभव की आक्रामक पारी 14 गेंदों पर 39 रनों पर खत्म हुई. शार्दुल ठाकुर की गेंद पर उन्होंने शॉट खेला, लेकिन गहरी क्षेत्र में तिलक वर्मा ने शानदार कैच लपका. इस पारी में उन्होंने एक चौका और पांच छक्के लगाए. जब वे आउट हुए, तब तक राजस्थान रॉयल्स ने सिर्फ पांच ओवर में 80 रन बना लिए थे.

पवेलियन लौटते समय वैभव के चेहरे पर गहरी निराशा दिख रही थी. वे अपनी रनों की भूख के लिए जाने जाते हैं और शायद इस बार भी वे और बड़ी पारी खेलना चाहते थे.

वायरल हुआ भावुक वीडियो

अब एक अंदरूनी वीडियो सामने आया है, जिसमें वैभव आउट होने के बाद आंसू पोछते और निराशा में बल्ला जमीन पर पटकते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो क्रिकेट प्रेमियों के बीच तेजी से फैल रहा है. कई लोग उनकी मेहनत और जुनून की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ उनकी भावुकता को देखकर प्रभावित भी हो रहे हैं.

वैभव सूर्यवंशी अभी बहुत युवा हैं और उनका भविष्य उज्ज्वल है. इस मैच में उनकी पारी ने टीम को मजबूत शुरुआत दी, जिससे राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को हराया. उम्मीद है कि आने वाले मैचों में वे और बेहतर प्रदर्शन करेंगे और अपनी टीम को जीत दिलाएंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो