सचिन के घर शहनाई! अर्जुन तेंदुलकर की मेहंदी में जुटे क्रिकेट के दिग्गज, आज विवाह में दिखेंगे सितारों का जमावड़ा
सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की शादी से पहले बुधवार शाम मेहंदी की रस्म मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स में आयोजित की गई. कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां नजर आईं.

मुंबई में तेंदुलकर परिवार के घर इन दिनों शादी का माहौल है. महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की शादी से पहले बुधवार शाम मेहंदी की रस्म मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स में आयोजित की गई. यह समारोह काफी निजी रखा गया था, जिसमें परिवार के करीबी लोग और कुछ खास मेहमान ही शामिल हुए.
कार्यक्रम में क्रिकेट जगत की कई हस्तियां शामिल
कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां नजर आईं. इनमें पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, जहीर खान, इरफान पठान, युसुफ पठान और अजीत अगरकर जैसे दिग्गज शामिल हुए. मेहमानों ने पारंपरिक रस्मों के साथ संगीत और बातचीत के बीच इस खास शाम का आनंद लिया.
खाने-पीने की भी खास व्यवस्था की गई थी. मेन्यू में लोकप्रिय पंजाबी व्यंजनों के साथ कई विदेशी (पश्चिमी शैली के) पकवान भी परोसे गए. इसके अलावा सचिन तेंदुलकर के पसंदीदा महाराष्ट्रीयन और तटीय क्षेत्रों के खास व्यंजन भी मेहमानों के लिए तैयार किए गए थे. पूरा माहौल सादगी और अपनापन से भरा रहा और कार्यक्रम देर रात तक चलने के बजाय अपेक्षाकृत जल्दी समाप्त हो गया.
समारोह के दौरान मीडिया और फोटोग्राफर भी कार्यक्रम स्थल के बाहर मौजूद रहे और तेंदुलकर परिवार की तस्वीरें लेने का इंतजार करते रहे. इस दौरान अंजली तेंदुलकर अपने पिता आनंद मेहता के साथ कार्यक्रम में पहुंचती नजर आईं. वहीं, कार्यक्रम के अंत में सचिन तेंदुलकर मुख्य द्वार पर जाकर मेहमानों को विदा करते दिखाई दिए. उन्होंने राज ठाकरे और शर्मिला ठाकरे को भी वहां अलविदा कहा.
आज Saint Regis में होगा विवाह
अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक का विवाह समारोह गुरुवार 5 मार्च को मुंबई के लग्जरी होटल Saint Regis में आयोजित किया जाएगा. दिलचस्प बात यह है कि इसी होटल में भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले सेमीफाइनल मैच के लिए आए कई क्रिकेट खिलाड़ी भी ठहरे हुए हैं. ऐसे में होटल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रहने की संभावना है और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसकों के भी वहां पहुंचने की उम्मीद है.
इस शादी में भारतीय क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है. इनमें एमएस धोनी, सौरभ गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण जैसे दिग्गजों के आने की उम्मीद है. इसके अलावा अर्जुन के आईपीएल के साथी खिलाड़ी भी समारोह में शामिल हो सकते हैं. उद्योग जगत की बड़ी हस्तियां जैसे मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के भी कार्यक्रम में मौजूद रहने की चर्चा है.


