अहमदाबाद की पिच पर छुपा है टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का राज! क्या भारत-न्यूजीलैंड मैच में टॉस करेगा गेम तय?
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मिश्रित मिट्टी (रेड + ब्लैक सॉइल) की पिच पर खेला जाएगा, जहां अच्छी उछाल और बल्लेबाजों के लिए रन बनाने की संभावना ज्यादा मानी जा रही है. ऐसे में टॉस और ओस की स्थिति मैच का रुख तय कर सकती है, क्योंकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना कई बार आसान हो जाता है.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. इस बड़े मुकाबले में पिच और टॉस दोनों ही अहम भूमिका निभा सकते हैं. अहमदाबाद की परिस्थितियों को देखते हुए यह माना जा रहा है कि टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला कर सकती है, क्योंकि इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करना कई बार चुनौतीपूर्ण साबित होता है. ऐसे में फाइनल मुकाबले में टॉस का महत्व और भी बढ़ जाता है.
स्टेडियम में दो तरह की पिचें
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुख्य रूप से दो तरह की पिचें देखने को मिलती हैं- काली मिट्टी और लाल मिट्टी. काली मिट्टी की पिच आमतौर पर ज्यादा सपाट होती है और उस पर गेंद को अच्छा उछाल मिलता है. इस तरह की पिच पर बल्लेबाजों को खुलकर शॉट खेलने में मदद मिलती है और बड़े स्कोर बनने की संभावना रहती है. खासकर पावर हिटर्स के लिए ऐसी पिचें काफी अनुकूल मानी जाती हैं.
लाल मिट्टी की पिच का स्वभाव थोड़ा अलग होता है. तेज गर्मी में यह पिच धीरे-धीरे टूटने लगती है, जिससे स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा टर्न और ग्रिप मिलने लगती है. मैच जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, स्पिनरों की भूमिका और प्रभावी हो सकती है. ऐसे हालात में भारत के वरुण चक्रवर्ती और न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर जैसे स्पिन गेंदबाज अहम साबित हो सकते हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फाइनल मैच के लिए मिक्स्ड सॉइल यानी मिश्रित मिट्टी की पिच तैयार की जा रही है, जिसमें लाल मिट्टी का प्रतिशत ज्यादा बताया जा रहा है. इस तरह की पिच पर बल्लेबाजों को अच्छी उछाल मिलने की उम्मीद है, जिससे वे आक्रामक शॉट खेल सकते हैं. इसलिए फाइनल में भी एक हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है.
कई यादगार मैचों का गवाह है नरेंद्र मोदी स्टेडियम
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के कई यादगार मैचों का गवाह रहा है. इस मैदान पर पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 28 दिसंबर 2012 को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था. अब तक यहां कुल 14 टी20 इंटरनेशनल मैच हो चुके हैं, जबकि भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला फाइनल इस मैदान का 15वां टी20I मुकाबला होगा.
शाम के मैचों में अक्सर ओस का असर भी देखने को मिलता है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो जाती है. हालांकि आईपीएल 2025 के दौरान इस मैदान पर खेले गए आठ मैचों में से छह बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की थी. इसके बावजूद सफल रन चेज़ के उदाहरण भी देखने को मिले हैं.
भारत के लिए टॉस जीतना इसलिए भी अहम हो सकता है क्योंकि ओस के कारण गेंद गीली हो जाती है, जिससे गेंदबाजों को मुश्किल होती है. यदि भारत पहले गेंदबाजी करता है तो बाद में बल्लेबाजी के दौरान ओस का फायदा उठा सकता है. साथ ही न्यूजीलैंड के स्पिनरों को गीली गेंद के साथ गेंदबाजी करनी पड़ सकती है, जिसका लाभ भारतीय बल्लेबाज उठाने की कोशिश करेंगे. ऐसे में फाइनल में टॉस का नतीजा मैच की दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है.


