Traffic Advisory: श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दिल्ली के इस्कॉन मंदिर, ईस्ट ऑफ कैलाश में भारी भीड़ जुटने की संभावना के चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को एडवाइजरी जारी की है. प्रशासन ने दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और वैकल्पिक रास्तों की घोषणा की है.
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, राजा धीर सेन मार्ग कैप्टन गौर मार्ग से संत नगर ट्रैफिक सिग्नल तक आम वाहनों के लिए बंद रहेगा. केवल स्थानीय निवासियों के वाहनों को ही कैप्टन गौर मार्ग टी-पॉइंट और संत नगर सिग्नल के बीच आने-जाने की अनुमति होगी. लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कैप्टन गौर मार्ग, आउटर रिंग रोड, महात्मा गांधी मार्ग (इनर रिंग रोड) और लाला लाजपत राय मार्ग जैसे वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें.
श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा के लिए दिल्ली पुलिस ने अपील की है कि वे निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का उपयोग करें. पुलिस ने स्पष्ट किया कि मंदिर आने वाले यात्रियों को एनएसआईसी ओखला मेट्रो स्टेशन पर उतरना चाहिए और वहां से पैदल या कैप्टन गौर मार्ग के रास्ते मंदिर तक पहुंचना होगा. एडवाइजरी में कहा गया है कि लोग अपने सफर की योजना पहले से बनाएं और मौके पर तैनात यातायात पुलिस तथा सड़कों पर लगे संकेतों का पालन करें ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ये ट्रैफिक प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन 16 अगस्त सुबह 8 बजे से 17 अगस्त सुबह 2 बजे तक लागू रहेंगे.
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें. इस तरह से न केवल यात्रा सुगम होगी बल्कि जन्माष्टमी समारोह भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा.
First Updated : Saturday, 16 August 2025