खंडवा में ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरी, 13 लोगों की हुई मौत

खंडवा में दशहरा के दिन मूर्ति विसर्जन कर लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली आबना नदी में गिर गई, जिससे 13 लोगों की मौत और कई लापता हो गए. पुलिस-प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं और नदी में लापता लोगों की तलाश जारी है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में गुरुवार को दशहरा के मौके पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. पंधाना थाना क्षेत्र के अरदला कलां गांव के पास आबना नदी में मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिर गई. इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं.

मूर्ति विसर्जन करने गए थे लोग

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब ग्रामीण नवरात्रि खत्म होने के बाद आबना नदी में मूर्ति विसर्जन करने गए थे. मूर्ति विसर्जन के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया पर चढ़ते समय असंतुलित होकर नदी में जा गिरी. ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 20 से 22 लोग सवार थे. दुर्घटना के तुरंत बाद सभी लोग चीखने-पुकारने लगे और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े.

14 लोग लापता

स्थानीय लोगों और घटना स्थल पर मौजूद भीड़ की मदद से कुछ यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया. लेकिन करीब 14 लोग अभी भी लापता हैं. इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. रेस्क्यू टीम ने नदी से अब तक 13 लोगों के शव बरामद किए हैं. हादसे में मारे गए लोगों में ज्यादातर बच्चे हैं.

मौके पर भीड़ जुटी

मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए हैं. लापता व्यक्तियों के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और पुलिस प्रशासन से लगातार जानकारी मांग रहे हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है और टीम लापता लोगों की तलाश कर रही है.

जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर 

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे, जिससे यह हादसा हुआ. प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे और पुलिया पर सावधानी बरतने की अपील की है. साथ ही, पुलिस ने कहा कि इस हादसे की जांच की जाएगी और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

यह घटना न केवल खंडवा जिले बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा के महत्व को उजागर करती है. प्रशासन ने ग्रामीणों से पर्व के दौरान सार्वजनिक स्थानों और नदी घाटों पर भीड़ के नियंत्रण के लिए सतर्क रहने का आग्रह किया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag