'शादी में 8 ग्राम सोना और सिल्क की साड़ी फ्री' तमिलनाडु चुनाव के लिए विजय की पार्टी TVK ने घोषणापत्र किया जारी

अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. इस घोषणापत्र में पार्टी ने महिलाओं और युवाओं के लिए कई बड़े वादे किए हैं.

Sonee Srivastav

चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्टी कड़गम (TVK) ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. पार्टी ने महिलाओं को सबसे ज्यादा ध्यान दिया है. घोषणापत्र में गरीब परिवार की महिलाओं की शादी के लिए 8 ग्राम सोना और अच्छी क्वालिटी की सिल्क साड़ी देने का बड़ा वादा किया गया है.

महिलाओं के लिए मुख्य वादे

  • TVK के घोषणापत्र में कहा गया है कि 60 साल से कम उम्र की हर महिला को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी.
  • हर परिवार को साल भर में खाना पकाने के लिए 6 गैस सिलेंडर बिल्कुल मुफ्त दिए जाएंगे.
  • गरीब पृष्ठभूमि वाली महिलाओं की शादी में 8 ग्राम सोना और क्वालिटी वाली सिल्क साड़ी दी जाएगी.

ये वादे महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने और उनकी शादी जैसे महत्वपूर्ण खर्च को आसान बनाने के लिए किए गए हैं.

युवाओं के लिए भी आकर्षक वादे

घोषणापत्र में युवाओं को भी बड़ी राहत दी गई है. ग्रेजुएशन पूरा करने वाले युवाओं को हर महीने 4,000 रुपये और डिप्लोमा करने वालों को 2,000 रुपये का भत्ता मिलेगा. सभी निजी कंपनियों में तमिल युवाओं के लिए 75 प्रतिशत नौकरियों का आरक्षण होगा.  

साथ ही युवाओं को बिना ब्याज का स्टार्टअप लोन मिलेगा. सरकारी क्षेत्र में इंटर्नशिप और कौशल प्रशिक्षण का इंतजाम किया जाएगा. सभी सरकारी परीक्षाएं समय पर आयोजित की जाएंगी. 

विजय खुद दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव 

पार्टी प्रमुख विजय खुद पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट से चुनाव लड़ रहे हैं. TVK पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरी है और सभी 234 सीटों पर अकेले ही लड़ रही है. किसी बड़े गठबंधन में शामिल नहीं होने का फैसला लिया गया है. टिकट बंटवारे में भी महिलाओं का ख्याल रखा गया है. पार्टी ने महिलाओं को 24 टिकट दिए हैं.

तमिलनाडु चुनाव कब होगा?

तमिलनाडु में एक ही चरण में 23 अप्रैल 2026 को मतदान होगा. नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. विजय की पार्टी ने घोषणापत्र को महिलाओं और युवाओं पर केंद्रित रखा है. शादी के लिए सोना और साड़ी का वादा, मासिक मदद और फ्री सिलेंडर जैसे ऐलान तमिलनाडु की महिलाओं के बीच काफी चर्चा में हैं. पार्टी उम्मीद कर रही है कि ये वादे महिलाओं और युवा मतदाताओं को आकर्षित करेंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो