दिल्ली एयरपोर्ट पर अकासा एयर से टकराया स्पाइसजेट विमान, विमान के पंख हुए क्षतिग्रस्त

दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होते-होते बच गया. एक साधारण टैक्सी ऑपरेशन के दौरान स्पाइसजेट के विमान की अकासा एयर के विमान से टक्कर हो गई. हालांकि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज गुरुवार को एक साधारण टैक्सी ऑपरेशन के दौरान स्पाइसजेट (SpiceJet) के विमान की अकासा एयर (Akasa Air) के विमान से टक्कर हो गई. इस घटना में स्पाइसजेट के विमान को नुकसान पहुंचा, जबकि अकासा एयर का विमान खड़ा था.

कब और कैसे हुआ हादसा?

स्पाइसजेट का Boeing 737-700 विमान टैक्सी कर रहा था, तभी यह घटना हुई. टक्कर इतनी तेज थी कि स्पाइसजेट विमान का दायां विंगलेट टूट गया. साथ ही, अकासा एयर के खड़े विमान के बाएं हॉरिजॉंटल स्टेबलाइजर को भी काफी क्षति पहुंची. स्पाइसजेट एयरलाइंस ने तुरंत पुष्टि की कि प्रभावित विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही ग्राउंड कर दिया गया है और आगे की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. 

अकासा एयर फ्लाइट बे में वापस लौटी

अकासा एयर की फ्लाइट QP 1406 दिल्ली से हैदराबाद जा रही थी. पुशबैक के कुछ ही मिनट बाद विमान को बे में वापस लाना पड़ा. एयरलाइंस ने बताया कि शुरुआती जांच में साफ हुआ कि अकासा का विमान पूरी तरह स्थिर (स्टेशनरी) था, जब स्पाइसजेट का विमान उससे टकराया.

एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा, “सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया है. हम हैदराबाद जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान और यात्रा का प्रबंधन कर रहे हैं.”

कोई घायल नहीं, सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय

दोनों एयरलाइंस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया. इस टक्कर में कोई यात्री या क्रू सदस्य घायल नहीं हुआ. एविएशन नियमों के मुताबिक अब इस घटना के सटीक कारणों की जांच की जाएगी.

यात्रियों पर पड़ा असर

इस घटना से दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए ग्राउंड ऑपरेशंस प्रभावित रहे. अकासा एयर ने प्रभावित यात्रियों को दूसरे विमानों या वैकल्पिक व्यवस्था से हैदराबाद पहुंचाने की कोशिश शुरू कर दी है. स्पाइसजेट का विमान जांच पूरी होने तक उड़ान नहीं भरेगा.

हवाई अड्डों पर टैक्सी के दौरान टक्कर की छोटी-मोटी घटनाएं कभी-कभी होती रहती हैं, लेकिन विंगलेट और स्टेबलाइजर जैसे महत्वपूर्ण हिस्सों को नुकसान पहुंचना गंभीर माना जाता है. दोनों कंपनियां और एयरपोर्ट अथॉरिटी मिलकर इस मामले की जांच कर रही हैं ताकि भविष्य में ऐसी गलती न हो.

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट स्टेटस के लिए संबंधित एयरलाइंस की वेबसाइट या ऐप पर नियमित अपडेट चेक करते रहें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो