'BJP सरकार आते ही बंगाल की सड़कों पर माफिया और मौलाना झाड़ू लगाएंगे', TMC को CM योगी आदित्यनाथ की चुनौती
पश्चिम बंगाल के चुनावी मैदान में उतरकर सीएम योगी ने TMC को सीधा चुनौती दिए हैं. उन्होंने साफ-साफ कहा है कि बीजेपी सरकार आते ही यहां UP मॉडल लागू हो जाएगा.

बाराबनी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के चुनावी मैदान में उतरकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जोरदार हमला बोला. बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अरिजीत रॉय के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बंगाल में डबल इंजन की भाजपा सरकार बनते ही माफिया और मौलाना सड़कों पर झाड़ू लगाते नजर आएंगे.
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि TMC के गुंडों, माफियाओं या किसी मौलाना की बातों से डरें नहीं. योगी ने कहा, “BJP की सरकार आने दो, ये सभी चाटुकारिता करेंगे और बंगाल की सड़कों को साफ करते दिखेंगे.”
15 साल में TMC ने बंगाल को बर्बाद किया
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन में बंगाल को संकट में धकेल दिया गया है. राज्य को टेरर, माफियाराज, कटमनी और भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया. सैंड माफिया, कोल माफिया और लैंड माफिया खुलेआम फल-फूल रहे हैं. केंद्र से आने वाला पैसा TMC के गुंडे हड़प लेते हैं. आम लोगों, युवाओं और महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है.
योगी ने कहा कि कांग्रेस, वामपंथी और अब TMC ने मिलकर बंगाल की पुरानी पहचान को नष्ट कर दिया. एक समय बंगाल देश की आर्थिक इंजन और सांस्कृतिक राजधानी था, लेकिन अब यहां अपराध और अराजकता हावी है.
UP मॉडल से बंगाल को बचाएंगे
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि 9 साल पहले UP की हालत भी बंगाल जैसी खराब थी. वहां रोज दंगे होते थे, व्यापारी और महिलाएं असुरक्षित थीं, लेकिन डबल इंजन सरकार आने के बाद सब बदल गया. अब UP में बुलडोजर माफियाओं की हड्डी-पसली ठीक करता है. माफियाओं की संपत्ति जब्त कर गरीबों के घर बनाए जा रहे हैं.
योगी ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार बंगाल में भी दंगे, कर्फ्यू और अराजकता खत्म करेगी. गोमाता की रक्षा होगी और हिंदू समाज को बांटने नहीं दिया जाएगा. पर्व-त्योहार शांति से मनाए जाएंगे.
अरिजीत रॉय को वोट देने की अपील
योगी ने स्थानीय भाजपा उम्मीदवार अरिजीत रॉय का नाम लेकर कहा कि उनका नाम ही शत्रु को जीतने वाला है. उन्होंने लोगों से अपील की कि अरिजीत को जिताकर डबल इंजन सरकार लाएं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सभी समस्याओं का तेजी से समाधान होगा. भाजपा सुरक्षा, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है.


