Tamil Nadu Elections: विजय की टीवीके को बड़ा झटका, एडप्पाडी सीट पर उम्मीदवार का नामांकन खारिज
तमिलनाडु चुनाव से पहले विजय की टीवीके पार्टी को बड़ा झटका लगा है. एडप्पाडी सीट से उम्मीदवार का नामांकन खारिज होने से पार्टी पहली ही लड़ाई में कमजोर पड़ती दिख रही है.

नई दिल्ली: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 से पहले अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) को बड़ा चुनावी झटका लगा है. अपने पहले ही चुनावी मुकाबले में पार्टी को एडप्पाडी विधानसभा सीट पर नुकसान उठाना पड़ा है, जहां उसके उम्मीदवार का नामांकन रद्द कर दिया गया है.
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब राज्य में चुनावी सरगर्मियां चरम पर हैं. इस फैसले ने न सिर्फ टीवीके की चुनावी रणनीति को प्रभावित किया है, बल्कि पार्टी की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
नामांकन खारिज होने की वजह
चुनाव आयोग ने एडप्पाडी सीट से टीवीके उम्मीदवार अरुणकुमार एम का नामांकन इसलिए खारिज किया, क्योंकि उनके दस्तावेजों में जरूरी प्रस्तावकों के हस्ताक्षर पूरे नहीं थे. नियमों के मुताबिक, किसी भी उम्मीदवार के नामांकन पत्र में कम से कम 10 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर होना अनिवार्य है.
हालांकि, अरुणकुमार के नामांकन में केवल 8 हस्ताक्षर पाए गए. वहीं पार्टी की ओर से उतारे गए वैकल्पिक उम्मीदवार नित्या के दस्तावेजों में भी सिर्फ 7 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर ही मौजूद थे. इसी वजह से दोनों नामांकन निरस्त कर दिए गए.
उम्मीदवार के लापता होने से बढ़ी चिंता
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब उम्मीदवार अरुणकुमार एम के लापता होने की खबर सामने आई. पार्टी कार्यकर्ताओं ने आशंका जताई है कि उनका अपहरण किया गया हो सकता है.
टीवीके समर्थकों ने इस पूरे घटनाक्रम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया है, जिससे राजनीतिक माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया है.
जांच प्रक्रिया में भी नहीं पहुंचे
नामांकन पत्रों की जांच के दौरान भी अरुणकुमार एम उपस्थित नहीं हुए, जिससे स्थिति और संदिग्ध हो गई. इस पूरे मामले पर अब तक चुनाव आयोग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
एडप्पाडी सीट पर मुख्य मुकाबला
इस सीट से एडप्पाडी के पलानीस्वामी लगातार छठी बार चुनाव मैदान में हैं. वहीं सत्ताधारी डीएमके ने सी कासी को मैदान में उतारा है. दोनों उम्मीदवारों के नामांकन स्वीकार कर लिए गए हैं, जिससे इस सीट पर सीधा मुकाबला और दिलचस्प हो गया है.
कब होंगे चुनाव?
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 23 अप्रैल को कराया जाएगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी.