50 लाख तक ब्याज मुक्त लोन, 3 सिलेंडर फ्री और किसानों को 9000 रुपये...BJP ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र किया जारी
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. पार्टी ने महिलाओं पर विशेष ध्यान रखते हुए कई बड़े वादें किए हैं. साथ ही किसानों को लेकर भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. पार्टी ने महिलाओं को लुभाने के लिए कई बड़े वादे किए हैं. BJP और AIADMK गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही है. केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बताया कि अगर उनकी सरकार बनी तो हर घर की महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी.
इसके अलावा हर परिवार को एक बार 10,000 रुपये भी दिए जाएंगे. यहां तक कि महिलाओं को हर साल तीन एलपीजी सिलेंडर मुफ्त में मिलेंगे.
50 लाख तक ब्याज मुक्त लोन
BJP ने महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों (SHG), सहकारी समितियों और छोटे उद्योगों (MSME) के लिए बड़ा ऐलान किया है. इनको 50 लाख रुपये तक का बिना ब्याज लोन दिया जाएगा. पार्टी ने यह भी कहा कि विनिर्माण कंपनियों को अपनी खरीद का 20 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं समूहों से करना होगा. पात्र महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रुपये की सब्सिडी भी दी जाएगी.
किसानों को अतिरिक्त मदद
किसानों के लिए BJP ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 6,000 रुपये के साथ अतिरिक्त 3,000 रुपये देने का वादा किया है. इस तरह हर किसान को सालाना कुल 9,000 रुपये मिलेंगे.
फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का वादा
घोषणापत्र में अपराध नियंत्रण पर भी खास ध्यान दिया गया है. BJP जीरो एफआईआर व्यवस्था शुरू करने, गवाहों की सुरक्षा और गंभीर अपराधों के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का वादा कर रही है. बसों, स्कूलों और कॉलेजों में हर जगह CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. निर्भया फंड का सही उपयोग करने का भी ऐलान किया गया है.
PM मोदी का DMK पर हमला
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में DMK सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि DMK ने भ्रष्टाचार को व्यवस्था का हिस्सा बना दिया है. हर विभाग में अनियमितताएं चल रही है और कई मंत्री मुकदमों का सामना कर रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि BJP की मेहनत से तमिलनाडु में अब नया माहौल बन रहा है.
बता दें कि तमिलनाडु में एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है. BJP दक्षिण भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए इस चुनाव को बहुत महत्वपूर्ण मान रही है.
