श्रीनगर: सोमवार, 25 मई 2026 को जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बड़ा हादसा टल गया। यहां मशहूर केबल कार सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई। इससे करीब 300 पर्यटक हवा में ही फंस गए। गोंडोला के अचानक रुकते ही लोगों में डर और घबराहट फैल गई। कई केबिन पहाड़ों के बीच हवा में लटके रह गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना की खबर मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। सेना की 9 राज राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मिलकर बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तांगमर्ग के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोंडोला के अचानक बंद होने से केबिन में बैठे बच्चे और महिलाएं बुरी तरह डर गए थे। कई वीडियो सामने आए जिनमें पर्यटक हवा में लटके केबिनों के अंदर मदद का इंतजार करते दिखे। नीचे बचाव दल उन्हें सुरक्षित निकालने की प्लानिंग में जुटा था।
वहीं इस घटना को लेकर प्रशासन ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। रेस्क्यू के दौरान सुरक्षा के सभी नियमों का पालन किया जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि तकनीकी खराबी की वजह से सेवा को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था। टीमें तुरंत एक्टिव हुईं और फंसे हुए पर्यटकों को प्राथमिकता पर निकाला गया। तकनीकी विशेषज्ञों को भी खराबी ठीक करने के लिए लगाया गया ताकि सेवा जल्द शुरू हो सके।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के कार्यालय ने कहा कि सरकार हालात पर नजर रख रही है। सभी केबिन सुरक्षित हैं। प्रशिक्षित टीमें फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल रही हैं। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। स्थिति पूरी तरह काबू में है।
गुलमर्ग गोंडोला दुनिया की सबसे ऊंची केबल कार परियोजनाओं में गिनी जाती है। यह कश्मीर आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद है। गर्मियों में यहां भारी भीड़ होती है। इस घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों पर फिर से सवाल उठे हैं, लेकिन बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया। First Updated : Monday, 25 May 2026