राजस्थान के दौसा में बड़ा सड़क हादसा, 6 दोस्तों की मौत, गांव में पसरा मातम
राजस्थान के दौसा में देर रात सड़क हादसे में छह दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई. सभी युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे.

राजस्थान के दौसा जिले में देर रात नेशनल हाईवे-21 पर कैलाई क्षेत्र के पास हुए भीषण हादसे में कार सवार छह दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई. सभी युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी जिंदगी अचानक थम गई.
कैलाई के पास बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, देर रात कार तेज रफ्तार में थी. कैलाई के पास पहुंचते ही वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार हाईवे का डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसी. उसी दौरान सामने से आ रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने कार को जबरदस्त टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और लोहे के ढांचे में तब्दील हो गई.
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सागर राणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला.
घायलों को तत्काल सिकंदरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लोकेश पुत्र गोवर्धन योगी, दिलखुश पुत्र बनवारी योगी, मनीष पुत्र हरिमोहन योगी और अंकित पुत्र लालाराम बैरवा को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल समय पुत्र रामसिंह योगी ने इलाज के दौरान दौसा जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया. एक अन्य घायल नवीन पुत्र महेश योगी को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया था, लेकिन वहां भी उसकी जान नहीं बच सकी.
एक ही गांव के रहने वाले थे मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह युवक दौसा जिले के कालाखोह गांव के रहने वाले थे. एक ही गांव के छह युवाओं की एक साथ मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.
दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया. सिकंदरा थाना पुलिस ने सभी शवों को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही, टक्कर मारकर फरार हुए ट्रेलर की पहचान और तलाश के लिए जांच की जा रही है.


