बहराइच में होली से पहले खूनी लड़ाई, कुल्हाड़ी से काट कर 4 की हत्या, दो की हालत नाजुक

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रुपईडीहा में एक बेहद ही दिल दहला देने वाली घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया है. पारिवारिक विवाद इतना उग्र हो गया कि एक ही परिवार के चार सदस्यों की कुल्हाड़ी से काटकर क्रूर हत्या कर दी गई. इनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में होली के त्योहार से ठीक पहले एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदल गांव में रविवार- सोमवार की दरमियानी रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें कुल्हाड़ी से किए गए बेरहम हमलों में चार लोगों की मौत हो गई. इस जघन्य हत्याकांड ने परिवार को तबाह कर दिया, जहां अब सिर्फ एक मासूम बच्चा बचा है, जिसे पुलिस ने अपनी सुरक्षा में ले लिया है. 

घटना की मुख्य वजह? 

 घटना की शुरुआत भाइयों के बीच हुए मामूली विवाद से हुई, जो देखते ही देखते इतना उग्र हो गया कि घर का आंगन खून से लाल हो उठा. मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं. पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया है कि यह मामला गहरे पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है.

आधी रात मची चीख-पुकार और खून से सना आंगन

रात करीब 12:30 बजे घर के अंदर से चीख-पुकार की आवाजें गूंजने लगीं. ग्रामीणों के मुताबिक, जब तक वे पहुंचे, तब तक आंगन लहूलुहान हो चुका था. मृतकों की पहचान शिताला (82), संजू देवी (60), पार्वती (20) और बडलूराम (62) के रूप में हुई है. मृतक एक पक्ष से पति-पत्नी और दूसरे पक्ष से मां-बेटी थे. कुल्हाड़ी के ताबड़तोड़ वारों से घायल गुरुदेव (40) और निरंकार (30) को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां निरंकार की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है.

पुलिस और पीएसी की भारी तैनाती, तनाव नियंत्रण में

सूचना मिलते ही 112 पुलिस और चौकी प्रभारी बाबागंज मौके पर पहुंचे. एसपी राम नयन सिंह, एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस अधीक्षक आरएन सिंह ने बताया कि अभी  तक के जांच में यह मामला गहरे पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी के जवानों सहित अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

 हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी

फॉरेंसिक टीम ने घर के अंदर और बाहर से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. घटनास्थल से वह कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है, जिससे यह सामूहिक हत्याकांड अंजाम दिया गया. घर में सामान बिखरा पड़ा था और चारों ओर खून के धब्बे रात की भयावहता को बयां कर रहे थे. ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और परिवार में अक्सर कहासुनी होती रहती थी, लेकिन इतनी बड़ी त्रासदी की किसी को उम्मीद नहीं थी.

पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल

इस क्रूर हत्याकांड के बाद बसंतपुर उदल गांव सहित पूरे बहराइच जिले में शोक और आक्रोश फैल गया है. लोग हैरान हैं कि एक छोटा-सा विवाद कैसे पूरे परिवार को नेस्तनाबूद कर गया. पुलिस अब घायलों के बयानों का इंतजार कर रही है ताकि हत्या की सटीक वजह और मुख्य हमलावर की पहचान हो सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag