दिल्ली-एनसीआर में रविवार को येलो अलर्ट, तेज हवाओं और बारिश का खतरा

दिल्ली-एनसीआर में रविवार को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.

calender

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. मौसम विभाग की ताज़ा जानकारी के मुताबिक, रविवार को पूरे क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. आज शाम से ही दिल्ली-नोएडा के आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस अचानक बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता जिम्मेदार है.

रविवार को दिल्ली में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और तापमान अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. सुबह से लेकर शाम तक गरज के साथ बारिश होने, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई गई है. विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है. 30 मार्च को भी मौसम सामान्य नहीं होगा. इस दिन अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने की उम्मीद है. दिनभर बादल बने रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक जारी रह सकती है. लगातार हो रही बूंदाबांदी और बारिश का असर वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दे रहा है.

मौसम का अचानक बदलाव क्यों?

IMD के अधिकारियों का कहना है कि मार्च में इस तरह का असामान्य मौसम उत्तर-पश्चिमी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है. यह मौसमी सिस्टम 15 मार्च से क्षेत्र में सक्रिय हैं और सामान्य से कम ऊँचाई पर आगे बढ़ रहे हैं. इसका सीधा असर दिल्ली के मौसम पर पड़ रहा है. आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बादलों के रहने से न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी भी हो सकती है.

अन्य राज्यों में भी बारिश के संकेत

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की या मध्यम बारिश होने की उम्मीद है. इसके अलावा बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात और राजस्थान में भी तेज हवाओं और बारिश के आसार हैं. First Updated : Saturday, 28 March 2026

Topics :