30 से ज्यादा केस, कई जिलों में दहशत… डब्लू यादव की कहानी खत्म, यूपी STF ने किया एनकाउंटर

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार को सुरक्षा एजेंसियों की एक बड़ी कार्रवाई में बिहार के खूंखार अपराधी डब्लू यादव को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया. हत्या, डकैती, लूट और अपहरण जैसे 24 संगीन अपराधों में वांछित यह अपराधी लंबे समय से बिहार पुलिस को चकमा दे रहा था. हम पार्टी के नेता राकेश कुमार की हत्या में भी वह मुख्य आरोपी था.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार को एक बड़ी कार्रवाई के दौरान बिहार के कुख्यात अपराधी डब्लू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया गया. डब्लू यादव बिहार के बेगूसराय जिले का रहने वाला था और उस पर हत्या, डकैती, लूट समेत कुल 24 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. वह हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष राकेश कुमार के अपहरण और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी था.

इस एनकाउंटर को यूपी एसटीएफ, बिहार पुलिस और हापुड़ जिले के सिंभावली थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई बताया गया है. डब्लू यादव की गिरफ्तारी पर बिहार पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.

अपहरण और हत्या का मुख्य आरोपी था डब्लू यादव

करीब दो महीने पहले बेगूसराय के ज्ञानडोल कमाल थाना क्षेत्र से हम नेता राकेश कुमार का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर प्रदर्शन कर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया था. राकेश की मां शकुंतला देवी ने डब्लू यादव को अपहरण का जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी.

मानेसर से पकड़ा गया था दूसरा आरोपी गौरव

राकेश हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी गौरव को मानेसर क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुग्राम के सेक्टर 37 डी से गिरफ्तार किया था. गौरव पर भी 25 हजार का इनाम घोषित था.

यूपी में पुलिस से मुठभेड़

बिहार पुलिस और यूपी एसटीएफ को सूचना मिली थी कि डब्लू यादव हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही नोएडा एसटीएफ, बिहार पुलिस और स्थानीय पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की. पुलिस ने सरेंडर करने को कहा, लेकिन डब्लू यादव ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

कई व्यापारियों को बना सकता था निशाना

पुलिस सूत्रों के अनुसार डब्लू यादव हापुड़ के कुछ नामी व्यापारियों को अपना अगला टारगेट बनाने की फिराक में था. वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे पाता, उससे पहले ही उसे मार गिराया गया.

हथियारों का जखीरा बरामद

पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल, तमंचा और कई कारतूस बरामद किए हैं. बिहार पुलिस ने बताया कि डब्लू यादव लंबे समय से फरार था और वह राज्य के कई जिलों में सक्रिय गैंग का हिस्सा भी रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag