फेसबुकिया प्यार का दर्दनाक अंत...600 किमी कार चलाकर प्रेमी से मिलने पहुंची प्रेमिका, लेकिन बदले में मिली मौत
राजस्थान के बाड़मेर में फेसबुक से शुरू हुआ प्रेम हत्या में बदल गया, जहां झुंझुनूं की आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मुकेश कुमारी को शादी के दबाव से बचने के लिए प्रेमी मानाराम ने लोहे की सरिया से मार डाला और हादसा दिखाने की कोशिश की, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Barmer murder case: राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर शुरू हुई प्रेम कहानी का अंत खौफनाक हत्या में हुआ. झुंझुनूं जिले की रहने वाली और महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत 37 वर्षीय मुकेश कुमारी की मुलाकात पिछले साल अक्टूबर में फेसबुक पर बाड़मेर के चवा गांव निवासी शिक्षक मानाराम से हुई थी. शुरुआती बातचीत दोस्ती में बदली और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. मुकेश कुमारी अक्सर 600 किलोमीटर का सफर तय कर झुंझुनूं से बाड़मेर आती और मानाराम से मिलती थी.
शादी के दबाव से उपजा विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, मानाराम पहले से शादीशुदा है और अपनी पत्नी से तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है. इसी बीच मुकेश कुमारी उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगी. मानाराम इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहता था. इसी बात को लेकर दोनों में कई बार विवाद हुआ. 10 सितंबर को भी मुकेश अपनी कार से झुंझुनूं के चिड़ावा कस्बे से बाड़मेर पहुंची और मानाराम के परिवार से मिलने की जिद करने लगी.
पुलिस की समझाइश भी न आई काम
मुकेश की जिद के चलते दोनों चवा पुलिस चौकी तक पहुंच गए. पुलिस ने दोनों को बुलाकर आपसी बातचीत से मामला सुलझाने और शांत रहने की समझाइश दी. पुलिस ने यह मानकर उन्हें जाने दिया कि दोनों आपसी सहमति से विवाद को सुलझा लेंगे. इसके बाद दोनों बाड़मेर लौट आए. लेकिन इसी दौरान मानाराम ने अपनी योजना को अंजाम देने का मन बना लिया.
हत्या कर हादसे का रूप देने की कोशिश
बाड़मेर लौटने के बाद मानाराम मुकेश को लेकर बलदेव नगर स्थित शिवाजी नगर इलाके में एक किराए के कमरे पर पहुंचा. वहां उसने लोहे की सरिया से मुकेश कुमारी के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने मुकेश के शव को उसकी ही ऑल्टो कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे. रातभर वह वहीं सोता रहा और अगले दिन सुबह अपने वकील को फोन कर कार में शव होने की जानकारी दी. इसके बाद वकील ने पुलिस को सूचना दी.
मृतका का तलाकशुदा होना
पुलिस जांच में पता चला कि मृतका मुकेश कुमारी का लगभग 9-10 साल पहले पति से तलाक हो गया था. वह सीकर जिले के खंडेला क्षेत्र में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थी. आरोपी मानाराम महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शिक्षक है. पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.
जांच जारी
बाड़मेर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. आरोपी से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश और कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सबूत जुटाकर शीघ्र ही आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.


