Bihar elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राज्य में मतदाता सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है. चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार, 30 सितंबर 2025 को फाइनल वोटर लिस्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी. आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम और विवरण को तत्काल जांचें, ताकि मतदान के अधिकार में किसी प्रकार की बाधा न आए.
चुनाव आयोग ने बताया कि मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, मृतकों और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाया गया है और जिन मतदाताओं ने अपना स्थानांतरण कराया था, उनके पते अपडेट किए गए हैं. तकनीकी साधनों के इस्तेमाल से इस बार सूची को पारदर्शी और सटीक बनाने पर विशेष जोर दिया गया है.
मतदाता अपनी फाइनल सूची देखने के लिए आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर जा सकते हैं. आयोग ने स्पष्ट किया कि वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होना ही मतदान का अधिकार सुनिश्चित करता है. इसलिए सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने नाम और विवरण की सत्यता अवश्य जांच लें.
SIR प्रक्रिया 25 जून से शुरू हुई थी. इसके तहत बिहार में कुल 7 करोड़ 89 लाख 69 हजार 844 मतदाताओं की सूची को संशोधित किया गया. प्रारंभिक फॉर्मेट वोटर लिस्ट में कुल 7 करोड़ 24 लाख 5 हजार 756 मतदाताओं का नाम था, जिसमें 65.63 लाख लोगों के नाम कटे हुए थे. इस दौरान चुनाव आयोग ने 3 लाख लोगों को नोटिस भेजा. दावा-आपत्ति प्रक्रिया में 2.17 लाख लोगों ने नाम हटवाने और 16.93 लाख लोगों ने नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया. 1 अगस्त से 1 सितंबर तक 16 लाख 56 हजार 886 लोगों ने फॉर्म-6 भरकर नए नाम जोड़ने का आवेदन दिया.
1 सितंबर से 30 सितंबर तक आए नए आवेदनों का निष्पादन SIR प्रक्रिया खत्म होने के बाद 1 अक्टूबर से किया जाएगा. इस बार आधार कार्ड का उपयोग नाम जोड़ने और अपडेट करने के लिए मान्य कर दिया गया है, जिससे प्रक्रिया और ज्यादा आसान हो गई है. चुनाव आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की गलती या अव्यवस्था मतदाता के अधिकार को प्रभावित कर सकती है, इसलिए सभी नागरिकों को समय रहते अपनी प्रविष्टियों की जांच करना आवश्यक है.
First Updated : Tuesday, 30 September 2025