मेरी मम्मा के ऊपर कुछ डाला, फिर आग लगा दी, निक्की के बेटे ने सुनाया मां की हत्या का खौफनाक सच, देखें Video

ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. छह वर्षीय मासूम बेटे ने खुलासा किया कि उसके पिता और दादी ने मिलकर मां निक्की पर तरल पदार्थ डालकर पहले थप्पड़ मारा और फिर लाइटर से आग लगा दी. यह सनसनीखेज बयान और घटना के वायरल वीडियो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं.

calender

Greater Noida Dowry Murder Case: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता को जिंदा जलाने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. मृतका निक्की के 6 वर्षीय बेटे ने मीडिया के सामने चौंकाने वाला खुलासा किया है. बच्चे ने बताया कि उसके पिता और दादी ने मां पर कोई तरल पदार्थ डालकर पहले थप्पड़ मारा और फिर लाइटर से आग लगा दी.

इस घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. बच्चे ने मीडिया के सवाल पर सिर हिलाकर यह भी स्वीकार किया कि उसकी मां की हत्या उसके पिता ने ही की है. इस मामले से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें निक्की पर हो रहा अत्याचार साफ देखा जा सकता है. निक्की के बेटे ने अपनी मां की हत्या को लेकर जो बयान दिया, उसने सभी को स्तब्ध कर दिया. बच्चे ने मासूम शब्दों में कहा – "मेरी मम्मा के ऊपर कुछ डाला, फिर उनको चांटा मारा, फिर लाइटर से आग लगा दी."

सोशल मीडिया पर वायरल हुई खौफनाक वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक पुरुष और महिला मिलकर पीड़िता को मारते-पीटते हैं और उसके बाल पकड़कर घर से बाहर घसीटते हैं. दूसरे वीडियो में निक्की को जलने के बाद लड़खड़ाते हुए सीढ़ियों से नीचे उतरते देखा जा सकता है.

बहन ने किया खुलासा, पति और ससुराल पर गंभीर आरोप

मृतका की बड़ी बहन कंचन, जिसकी शादी भी उसी परिवार में हुई है, ने इस पूरी घटना की शिकायत पुलिस को दी. कंचन का आरोप है कि उसकी बहन को दहेज की मांग पूरी न होने पर पति विपिन और सास ने मिलकर मौत के घाट उतारा. कंचन ने कहा, "शादी के बाद उन्होंने 35 लाख रुपये की मांग की थी. हमने उन्हें एक और कार भी दी, लेकिन उनकी मांग और प्रताड़ना खत्म नहीं हुई."

कंचन ने मीडिया को बताया कि जिस रात यह वारदात हुई, उस समय वह भी घर में मौजूद थी. उसने कहा , "उन्होंने मेरी बहन को गले और सिर पर मारा, उस पर तेजाब डाला. हमारे बच्चे भी वहीं थे, लेकिन मैं कुछ कर नहीं पाई. उन्होंने मुझे भी प्रताड़ित किया."

पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार

कंचन की शिकायत के आधार पर कासना कोतवाली पुलिस ने पति विपिन और उसकी मां के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. हत्या के आरोप में पति विपिन को गिरफ्तार कर लिया. बाकी आरोपियों  की तलाशी जारी है. First Updated : Sunday, 24 August 2025