Bihar train accident: बिहार के पूर्णिया जिले से शुक्रवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई, जहां वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा सुबह करीब 5 बजे जोगबनी–पटना (पटलिपुत्र) वंदे भारत एक्सप्रेस के गुजरते समय हुआ.
घटना के बाद रेलवे पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि घायलों को तत्काल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMCH) में भर्ती कराया गया. इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे ने इलाके में मातम और आक्रोश दोनों फैला दिए हैं.
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे का सही कारण अब तक सामने नहीं आया है. यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटना रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात कर्मचारी की लापरवाही से हुई या फिर लोग तेज रफ्तार ट्रेन को नजरअंदाज कर पटरियां पार करने लगे.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक युवक दुर्गा मेला देखकर लौट रहे थे. उसी दौरान वे जोगबनी–पटना वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने इलाज के दौरान GMCH में दम तोड़ दिया.
हादसे में घायल अन्य लोगों का GMCH में इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, एक युवक की स्थिति बेहद गंभीर है और उसे आईसीयू में रखा गया है.
जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन 17 दिसंबर को शुरू हुआ था. यह ट्रेन जोगबनी से सुबह 3:25 बजे चलती है और 4:50 बजे पूर्णिया पहुंचती है. इसके बाद यह ट्रेन सहरसा, खगड़िया, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर होते हुए दोपहर करीब 11:30 बजे दानापुर (पटना) पहुंचती है.
रेलवे पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. अधिकारी ये पता लगाने में जुटे हैं कि हादसा मानवीय लापरवाही की वजह से हुआ या सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण. फिलहाल इस घटना ने इलाके में वंदे भारत की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
First Updated : Friday, 03 October 2025