दिल्ली में पांच फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान से पहले आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के कथित उल्लंघन के 570 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि ये मामले सात जनवरी (जब आदर्श आचार संहिता लागू हुई) से लेकर 23 जनवरी के बीच दर्ज किए गए.
एक बयान के अनुसार, इस अवधि के दौरान आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत कुल 19,065 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
सीमा चौकियों पर सतर्कता
बयान के मुताबिक, मतदान से पहले, पुलिस ने सीमा चौकियों पर सतर्कता बढ़ा दी है और हथियारों, शराब व मादक पदार्थों की तस्करी सहित अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की है. बयान में बताया गया कि दिल्ली पुलिस ने आचार संहिता के कथित उल्लंघन के 577 मामले दर्ज किए हैं और 284 अवैध हथियार व 394 कारतूस जब्त किए हैं. बयान के मुताबिक, पुलिस ने 1.3 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 46,682 लीटर शराब, 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 119.51 किलोग्राम मादक पदार्थ और 1,200 से अधिक प्रतिबंधित इंजेक्शन भी जब्त किए हैं.
बयान में बताया गया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 5.29 करोड़ रुपये नकद और 37.39 किलोग्राम चांदी भी जब्त की है. दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए मतदान पांच फरवरीऔर मतगणना आठ फरवरी को होगी.
इस खबर को जनभावना टाइम्स ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है. First Updated : Friday, 24 January 2025