जंगल में छिपा 200 करोड़ का हशीश ऑयल और 2 टन गांजा जब्त, कोरापुट पुलिस ने गुप्त सूचना से की छापेमारी

ओडिशा ने पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाई की है. कोरापुट में जंगल के बीच छिपी एक अस्थायी फैक्ट्री से 200 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत का हशीश ऑयल और 2 टन से अधिक गांजा बरामद किया गया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: ओडिशा के कोरापुट जिले में पुलिस ने ड्रग्स तस्करों पर बड़ा प्रहार किया है. जंगल के बीच छिपी एक अस्थायी फैक्ट्री से 200 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत का हशीश ऑयल और 2 टन से अधिक गांजा बरामद किया गया. 

यह कार्रवाई ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा के पास दूरदराज के जंगली इलाके में की गई, जहां तस्कर गुप्त तरीके से ड्रग्स बना रहे थे. पुलिस ने कहा कि यह दक्षिणी ओडिशा में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स जब्ती में से एक है.

जंगल में छिपी फैक्ट्री पर छापेमारी

कोरापुट पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि झोलापुट रिजर्वॉयर के पास घने जंगल में एक टेम्पररी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट चल रही है. टीम ने नावों से नदी पार की और फिर पैदल मुश्किल रास्तों से गुजरकर वहां पहुंची. रेड में 1800 लीटर से ज्यादा हशीश ऑयल बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 200 करोड़ रुपये है. साथ ही 1000 किलोग्राम से अधिक गांजा भी जब्त किया गया.

पुलिस ने फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें, रसायन और अन्य सामग्री भी कब्जे में ली. मास्टरमाइंड की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने की तैयारी है. जांच में पता चला है कि यह नेटवर्क इंटरस्टेट है, यानी ओडिशा से आंध्र प्रदेश और अन्य राज्यों तक फैला हुआ है.

नंदपुर में 1143 किलो गांजा जब्त 

इसी ऑपरेशन के दौरान नंदपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक और छापेमारी हुई. यहां दो पिकअप वाहनों में प्लास्टिक ट्रे के अंदर छिपाकर रखा गया 1143 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. इसकी बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें कोरापुट के सेमिलीगुडा इलाके के दो सप्लायर और हरियाणा से आए दो रिसीवर शामिल हैं.

इंटेलिजेंस पर आधारित कार्रवाई

कोरापुट के एसपी रोहित वर्मा ने कहा कि यह पूरी कार्रवाई खास इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर की गई. जंगल और सीमा के मुश्किल इलाकों में पहुंचना आसान नहीं था, लेकिन पुलिस टीम ने हिम्मत से काम लिया. उन्होंने चेतावनी दी कि ड्रग्स तस्करी रोकने के लिए बॉर्डर और जंगली इलाकों में ऐसे ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे. 

एसपी ने जोर दिया कि इंटरस्टेट ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस कड़ी मेहनत कर रही है. यह जब्ती न सिर्फ ड्रग्स की बड़ी खेप रोकने में सफल रही, बल्कि तस्करों को भी बड़ा झटका पहुंचाया है. जांच अभी भी जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो