Punjab flood 2025 : गली-गली तक पहुंचा पंजाब सरकार का सैनिटाइजेशन अभियान, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने खुद संभाली कमान

पंजाब में आई बाढ़ के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान और कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में राज्य सरकार ने त्वरित राहत कार्य शुरू किए. सफाई, सैनिटाइजेशन और पशु टीकाकरण जैसे कदमों से लोगों को गंभीर बीमारियों से राहत मिली. मंत्री खुद मैदान में उतरे, जिससे जनता में विश्वास बढ़ा. यह दिखाता है कि आम आदमी पार्टी की सरकार वास्तव में जनता की सेवा और सुरक्षा को प्राथमिकता देती है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

Punjab Flood 2025 : पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ ने गाँवों और शहरों को जलमग्न कर जन-जीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया. सड़कों पर पानी भर गया, घरों में तबाही मच गई और लोगों के जीवन में अचानक अनिश्चितता छा गई. लेकिन इस गंभीर संकट के समय में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने त्वरित राहत और बचाव कार्य शुरू कर यह साबित कर दिया कि एक जिम्मेदार सरकार की असली पहचान मुश्किल वक्त में होती है.

सफाई और सैनिटाइजेशन अभियान शुरू

बाढ़ के बाद सबसे बड़ी चिंता थी संक्रमण और बीमारियों के फैलाव की. इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने राज्यभर में सफाई, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग अभियान शुरू किया. इसकी शुरुआत नंगल शहर से हुई, जहाँ खुद कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने गलियों में जाकर सैनिटाइज़र का छिड़काव करवाया. यह दृश्य न केवल प्रतीकात्मक था, बल्कि एक मजबूत संदेश भी कि पंजाब सरकार केवल आदेश देने वाली व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर काम करने वाली सरकार है.

हरजोत सिंह ने निभाई जमीनी जिम्मेदारी
हरजोत सिंह बैंस ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य प्रभावित हर परिवार तक पहुँचना है और जहाँ भी बीमारी का खतरा है, वहाँ तुरंत कार्रवाई की जाएगी. यह केवल भाषण नहीं था, बल्कि इसे अमल में लाया गया. गांव-गली, मोहल्लों में कीटाणुनाशक छिड़काव, साफ-सफाई और जन-स्वास्थ्य उपायों ने लोगों को वास्तविक राहत दी. इससे जनता में यह भरोसा मजबूत हुआ कि सरकार उनकी सेहत और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.

पशुधन की रक्षा के लिए टीकाकरण अभियान
सरकार ने इंसानों के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा. ग्रामीण इलाकों में पशुधन के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया, जिससे किसान और पशुपालक राहत महसूस कर रहे हैं. यह पहल दर्शाती है कि सरकार सिर्फ वर्तमान संकट को नहीं सुलझा रही, बल्कि भविष्य की संभावित चुनौतियों के लिए भी तैयारी कर रही है.

मैदान में उतरे मंत्री, विधायक और अधिकारी 
सरकारी कामकाज को अक्सर सिर्फ फाइलों तक सीमित माना जाता है, लेकिन पंजाब सरकार ने यह धारणा तोड़ दी है. जब मंत्री खुद गलियों में उतरकर छिड़काव करवाते हैं, तब लोगों को महसूस होता है कि सरकार उनके बीच है, उनके साथ खड़ी है. हरजोत सिंह बैंस और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रियता ने लोगों के दिलों में सरकार के प्रति नई उम्मीद और विश्वास पैदा किया है.

सेवा नहीं, यह है अपनापन का एहसास
पंजाब सरकार का यह रवैया लोगों को यह महसूस करा रहा है कि यह सरकार सिर्फ प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह है. जब आम आदमी पार्टी के विधायक, मंत्री और कर्मचारी खुद राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हों, तब यह कहना गलत नहीं होगा कि बदलाव अब केवल एक वादा नहीं, एक हकीकत बन गया है. पंजाब की जनता अब कह रही है यह सिर्फ सरकार नहीं, हमारी सेवा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag