संपर्क क्रांति एक्स्रपेस में बंदूक की नोक पर 7 लाख की लूट, फायरिंग कर फरार हुए बदमाश

चलती संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बदमाशों ने दो कर्मचारियों से गन प्वाइंट पर करीब 7 लाख रुपये लूट लिए और फायरिंग करते हुए फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस और आरपीएफ जांच में जुटी हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

चलती ट्रेन में दिनदहाड़े हुई लूट की एक सनसनीखेज घटना ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बदमाशों ने दो यात्रियों को गन प्वाइंट पर लेकर करीब सात लाख रुपये की नकदी लूट ली और फिर हवाई फायरिंग करते हुए ट्रेन से कूदकर फरार हो गए. घटना के बाद रेलवे और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में हुई घटना

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी मंदीप सिंह ऑटो स्पेयर पार्ट्स का कारोबार करते हैं. उनके यहां रितिक मंडल और साहब सिंह कर्मचारी के रूप में काम करते हैं. बुधवार सुबह दोनों कर्मचारी दुकान से करीब सात लाख रुपये नकद लेकर दिल्ली जाने के लिए संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार हुए थे. उनका उद्देश्य व्यापार से जुड़ा भुगतान करना बताया जा रहा है.

जब ट्रेन बिलासपुर के पास पहुंची तभी तीन अज्ञात बदमाश अचानक उनके डिब्बे में घुस आए. बदमाशों ने हथियार दिखाकर दोनों कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया और रुपयों से भरा बैग छीन लिया. इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन हथियारों के डर से कोई भी विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा सका.

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और फिर ट्रेन की धीमी रफ्तार का फायदा उठाकर नीचे कूदकर फरार हो गए. घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला.

जीआरपी की टीमें सक्रिय

वारदात के तुरंत बाद पीड़ित कर्मचारियों ने अपने मालिक मंदीप सिंह को फोन पर जानकारी दी और साथ ही पुलिस को भी सूचित किया गया. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीमें सक्रिय हो गईं और रुद्रपुर व रामपुर से पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिस ने पीड़ितों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया. जंगलों में भी कांबिंग की गई, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है.

इस घटना ने ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो