जबलपुर में दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ के बाद तनाव, भारी पुलिस फोर्स तैनात, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले स्थित सिहोरा नगर में रात करीब साढ़े नौ बजे मंदिर में आरती के दौरान एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट की गई और मंदिर परिसर में लगी लोहे की ग्रिल को नुकसान पहुंचाया गया. इस घटना के बाद माहौल तेजी से बिगड़ गया और देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले स्थित सिहोरा नगर में गुरुवार देर रात दुर्गा मंदिर के पास हुए विवाद के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े नौ बजे मंदिर में आरती के दौरान एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट की गई और मंदिर परिसर में लगी लोहे की ग्रिल को नुकसान पहुंचाया गया. इस घटना के बाद माहौल तेजी से बिगड़ गया और देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए.

दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और पत्थरबाजी 

विवाद बढ़ने के साथ ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और पत्थरबाजी शुरू हो गई. इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया. स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे काबू में आए.

घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया. इसके अलावा जबलपुर से भी भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल हैं, हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंच रहे हैं.

इलाके में धारा 144 लागू

तनाव को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है, जिससे किसी भी प्रकार की भीड़ या जमावड़े पर रोक लगाई जा सके. एहतियातन आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका पहले से ही संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यहां मंदिर और मस्जिद आमने-सामने स्थित हैं.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय मंदिर में आरती और पास की मस्जिद में नमाज लगभग एक ही समय पर चल रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो युवक के साथ मारपीट और मंदिर की ग्रिल को नुकसान पहुंचाने के बाद हिंसक झड़प में बदल गया.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. अधिकारियों के अनुसार स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag