पंजाबी सिंगर ने जिम में युवक पर तानी पिस्तौल, पुलिस ने किया गिरफ्तार; सीसीटीवी फुटेज आई सामने

पंजाबी सिंगर Gill Manuke को मोहाली के एक जिम में युवक को पिस्तौल दिखाकर धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने Arms Act के तहत मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

Simran Sachdeva

पंजाबी सिंगर Gill Manuke एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. मोहाली स्थित एक जिम में उन्होंने कथित तौर पर एक युवक को पिस्तौल दिखाकर धमकाया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. ये घटना 28 जुलाई की रात लगभग 9 बजे की है और इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें Manuke को पिस्तौल लहराते हुए देखा जा सकता है.

ये मामला अब गंभीर रूप ले चुका है, क्योंकि घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लग चुकी है और इसमें सिंगर को जिम मशीन के उपयोग को लेकर हुए विवाद में हथियार निकालते हुए साफ देखा जा सकता है. पुलिस ने Arms Act के तहत मामला दर्ज करते हुए Gill Manuke और उनके भाई Jaswant Singh को गिरफ्तार किया है.

जिम में मशीन को लेकर हुआ विवाद

घटना मोहाली के एक प्राइवेट जिम की है, जहां Gill Manuke और एक अन्य युवक के बीच जिम इक्विपमेंट के इस्तेमाल को लेकर विवाद हो गया. वीडियो फुटेज में साफ देखा गया कि Manuke ने गुस्से में आकर पिस्तौल निकाल ली और युवक को धमकाने लगे.

पिस्तौल लहराते दिखे Manuke

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बताया कि Manuke ने ना केवल पिस्तौल निकाली, बल्कि जोर-जोर से चिल्लाते हुए खुद को मशीन के उपयोग में वरीयता देने की मांग की. आसपास मौजूद अन्य लोग स्थिति को शांत कराने की कोशिश करते दिखे, लेकिन Manuke का गुस्सा थमता नहीं दिखा.

आरोपी की हुई गिरफ्तारी, पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने जानकारी दी कि सिंगर का असली नाम सतवंत सिंह है और उनके साथ उनका भाई जसवंत सिंह भी था. दोनों को मोहाली पुलिस ने हिरासत में लिया और सोहाना पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने बताया कि उनके पास से एक पिस्तौल भी बरामद हुई है.

अदालत में पेशी, एक दिन की पुलिस रिमांड

मोहाली सिटी-2 के डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने पुष्टि की कि आरोपी ने विवाद के दौरान पिस्तौल निकाली थी. उन्होंने ये भी बताया कि सिंगर के पास हथियार का लाइसेंस था, लेकिन अब पुलिस इसकी वैधता की जांच कर रही है. दोनों आरोपियों को मोहाली की अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और इस मामले को लेकर पूछताछ जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो