फरीदाबाद में दरिंदगी की सारी हदें पार! महिला को वैन में बंधक बनाकर किया रेप फिर चलती गाड़ी से दे दिया धक्का

फरीदाबाद में देर रात लिफ्ट लेने के बाद दो अज्ञात लोगों ने चलती वैन में 25 साल की महिला के साथ बलात्कार किया और मारपीट की. 3 घंटे गैंगरेप करने के बाद उसे सड़क पर फेक दिया.

Sonee Srivastav

फरीदाबाद: फरीदाबाद में एक 25 साल की महिला के साथ दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. सोमवार देर रात लिफ्ट लेने के बाद दो अज्ञात लोगों ने चलती वैन में उसके साथ बलात्कार किया और मारपीट की. करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद उसे चलती वैन से सड़क पर फेंक दिया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई और 12 टांके लगवाने पड़े. 

यह घटना गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर हुई, जहां घने कोहरे और ठंड के कारण सड़कें सुनसान थी. पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है.

आरोपियों ने कैसे दिया घटना को अंजाम ?

महिला सोमवार शाम घर से निकली थी. परिवार के अनुसार, मां से किसी बात पर झगड़ा होने के बाद वह अपनी सहेली के घर जाने की बात कहकर गई थी. उसने बहन को फोन पर बताया कि दो-तीन घंटे में लौट आएगी. लेकिन सहेली के यहां से निकलते-निकलते रात के 12 बज गए. देर रात कोई सवारी नहीं मिली तो उसने एक वैन में लिफ्ट ले ली, जिसमें दो आदमी पहले से थे.

लिफ्ट देने के बहाने दोनों ने वैन को महिला के घर की बजाय गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड की ओर मोड़ दिया. हनुमान मंदिर से आगे सुनसान इलाकों में वैन घुमाते रहे. महिला ने मदद के लिए चीखने की कोशिश की, लेकिन ठंड, कोहरा और देर रात होने से सड़क पर कोई नहीं था. आरोप है कि दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ रेप किया और विरोध करने पर मारपीट की.

तीन घंटे बाद सड़क पर फेंका

सुबह करीब 3 बजे एसजीएम नगर के राजा चौक के पास मुल्ला होटल के नजदीक चलती वैन से महिला को धक्का देकर बाहर फेंक दिया दिया. गिरने से उसके चेहरे और सिर पर गहरी चोटें आई. किसी तरह उसने बहन को फोन किया. बहन उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने चेहरे पर 12 टांके लगाए.

बाद में इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिवार ने फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया. बता दें, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है. 

पुलिस की कार्रवाई

परिवार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार को दो संदिग्धों को पकड़ा. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों से पूछताछ कर रही है. घने कोहरे का फायदा उठाकर अपराधियों ने यह जघन्य कृत्य किया, जो महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल उठाता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag