Emergency Alerts: भारत सरकार ने हाल ही में 7 मई 2025 को देशभर के 244 जिलों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल की घोषणा की है. यह निर्णय जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दुखद आतंकी हमले और पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. इस अभ्यास में ब्लैकआउट सिमुलेशन, एयर रेड साइरन, निकासी अभ्यास और नागरिकों के लिए सुरक्षा सत्र जैसे महत्वपूर्ण तत्व शामिल हैं, ताकि आम जनता को युद्ध जैसी आपात स्थितियों के लिए तैयार किया जा सके.
ऐसे समय में जब आपात स्थितियां बिना चेतावनी के आ सकती हैं, मोबाइल फोन पर रियल-टाइम अलर्ट्स का एक्टिव रहना जरूरी हो गया है. चाहे वह प्राकृतिक आपदा हो, आतंकी हमला या किसी व्यक्ति के लापता होने का मामला आपातकालीन चेतावनियां आपको तुरंत कार्रवाई करने और सुरक्षित रहने में मदद कर सकती हैं. सरकार द्वारा घोषित मॉक ड्रिल को देखते हुए यह सही समय है जब हर व्यक्ति को अपने स्मार्टफोन में ये अलर्ट ऑन कर लेना चाहिए.
आपातकालीन अलर्ट्स सरकारी एजेंसियों द्वारा भेजे जाने वाले छोटे और तात्कालिक संदेश होते हैं, जो जनता को गंभीर खतरों जैसे भूकंप, बाढ़, आतंकी हमला या लापता व्यक्ति की जानकारी देने के लिए भेजे जाते हैं. ये अलर्ट्स एक विशेष नेटवर्क चैनल का उपयोग करते हैं, जिससे ये मैसेज तब भी पहुंच जाते हैं जब मोबाइल नेटवर्क ओवरलोड हो जाता है.
अगर आप Android स्मार्टफोन यूज़ करते हैं, तो नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर आपातकालीन अलर्ट्स को सक्रिय कर सकते हैं:
Settings ऐप खोलें.
Safety and Emergency विकल्प पर टैप करें.
Wireless Emergency Alerts पर जाएं.
Extreme Weather Warnings, Imminent Threat Alerts और Public Safety Alerts को ऑन करें
अगर ये विकल्प न दिखें, तो Settings की सर्च बार में "wireless emergency alerts" टाइप करें.
iPhones में ये अलर्ट्स डिफॉल्ट रूप से ऑन रहते हैं, लेकिन आप इन्हें चेक करके सुनिश्चित कर सकते हैं:
Settings खोलें और Notifications में जाएं.
स्क्रॉल करके सबसे नीचे पहुंचें.
Government Alerts सेक्शन में Emergency Alerts, Public Safety Alerts और Test Alerts (यदि मौजूद हो) ऑन करें
अपने फोन की सेटिंग्स में सिर्फ कुछ टैप्स करके आप खुद को और अपने परिवार को किसी भी आपात स्थिति से सुरक्षित रख सकते हैं. जब संकट के समय हर सेकंड कीमती होता है, तब आपका फोन आपकी पहली सुरक्षा रेखा बन सकता है. First Updated : Tuesday, 06 May 2025