Meta ने भारत में लॉन्च किया नया Instagram Plus प्लान, अब स्टोरी देखने पर नहीं दिखेगा आपका नाम

Meta ने भारत में 299 रुपये महीने वाला Instagram Plus प्लान लॉन्च किया है, जिसमें सीक्रेट स्टोरी प्रिव्यू, 48 घंटे की स्टोरी और कई एक्सक्लूसिव फीचर्स मिलेंगे.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: टेक कंपनी Meta ने भारत में इंस्टाग्राम प्लस नाम से नया पेड सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च कर दिया है. इस प्लान की कीमत 299 रुपये प्रति महीने रखी गई है. कंपनी का कहना है कि इस प्लान के जरिए यूजर्स को कई एडवांस और एक्सक्लूसिव फीचर्स मिलेंगे, जो सामान्य यूजर्स को उपलब्ध नहीं होंगे. हालांकि इंस्टाग्राम का स्टैंडर्ड वर्जन पहले की तरह मुफ्त में चलता रहेगा, लेकिन अतिरिक्त सुविधाओं के लिए यूजर्स को सब्सक्रिप्शन लेना होगा.

सीक्रेट तरीके से देख सकेंगे स्टोरी

इंस्टाग्राम प्लस का सबसे चर्चित फीचर सीक्रेट स्टोरी प्रिव्यू है. इसके जरिए यूजर्स किसी की भी स्टोरी देख सकेंगे, लेकिन उनका नाम व्यूअर लिस्ट में दिखाई नहीं देगा. इसके अलावा यूजर्स यह भी देख पाएंगे कि उनकी स्टोरी कितनी बार दोबारा देखी गई है. अब स्टोरी की समय सीमा भी 24 घंटे से बढ़ाकर 48 घंटे कर दी गई है. साथ ही हर सप्ताह एक स्टोरी को स्पॉटलाइट करके ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा.

मिलेंगे कई खास फीचर्स

इस प्लान के तहत यूजर्स को कई नए और आकर्षक फीचर्स दिए जाएंगे. इसमें स्पेशल फॉन्ट्स, कस्टम ऐप आइकन और एनिमेटेड सुपर हार्ट रिएक्शन शामिल हैं. चैट और स्टोरी इंटरैक्शन के दौरान रंग-बिरंगे एनिमेटेड हार्ट्स स्क्रीन पर दिखाई देंगे. इसके अलावा प्रोफाइल पिन्स फीचर की मदद से यूजर्स अपनी प्रोफाइल पर छह महत्वपूर्ण पोस्ट को सबसे ऊपर पिन कर सकेंगे.

ऑडियंस कंट्रोल और बेहतर इनसाइट्स

इंस्टाग्राम प्लस सब्सक्राइबर्स को अनलिमिटेड कस्टम ऑडियंस लिस्ट बनाने का विकल्प भी मिलेगा. यह फीचर क्लोज फ्रेंड्स की तरह काम करेगा, लेकिन इसमें अलग-अलग ग्रुप बनाए जा सकेंगे. यूजर्स स्टोरी देखने वालों की लिस्ट में किसी भी व्यक्ति को आसानी से सर्च भी कर पाएंगे.

Meta की नई कमाई रणनीति

Meta अब सिर्फ विज्ञापनों पर निर्भर रहने के बजाय पेड सब्सक्रिप्शन मॉडल पर भी जोर दे रही है. कंपनी का मानना है कि इससे उसे कमाई के नए विकल्प मिलेंगे. आने वाले समय में इंस्टाग्राम प्लस यूजर्स के लिए और भी नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो