Silent Call Scam: 'Hello' बोलते ही कट जाता है फोन? सावधान! स्कैमर्स की लिस्ट में शामिल हो सकता है आपका नंबर

अगर किसी अनजान नंबर से कॉल आते ही आप "हैलो" कहते हैं और दूसरी तरफ से कॉल तुरंत कट जाती है, तो सतर्क हो जाइए. यह साधारण कॉल नहीं, बल्कि साइलेंट कॉल स्कैम का हिस्सा हो सकती है, जिसके जरिए साइबर ठग सक्रिय मोबाइल नंबरों की पहचान कर लोगों को निशाना बनाते हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

साइलेंट कॉल स्कैम: अगर आपके फोन पर किसी अनजान नंबर से कॉल आती है और आप "Hello" बोलते ही कॉल कट जाती है, तो इसे सामान्य घटना समझने की गलती न करें. साइबर अपराधी अब लोगों को निशाना बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं और साइलेंट कॉल स्कैम उन्हीं में से एक है.

गृह मंत्रालय की ओर से भी इस तरह के कॉल्स को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. साइबर सुरक्षा जागरूकता प्लेटफॉर्म CyberDost 14C ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नागरिकों को आगाह किया है कि बार-बार आने वाली ऐसी कॉल्स भविष्य में बड़े ऑनलाइन फ्रॉड की शुरुआत हो सकती हैं.

क्या है साइलेंट कॉल स्कैम?

साइलेंट कॉल स्कैम एक ऐसा तरीका है, जिसके जरिए ऑनलाइन ठग यह पता लगाते हैं कि कौन-से मोबाइल नंबर सक्रिय हैं और नियमित रूप से इस्तेमाल किए जा रहे हैं. इसके लिए ऑटोमेटेड कॉलिंग सिस्टम का उपयोग किया जाता है, जो एक साथ हजारों नंबरों पर कॉल करता है.

इन कॉल्स का उद्देश्य बातचीत करना नहीं होता, बल्कि यह जांचना होता है कि नंबर चालू है या नहीं. जैसे ही कॉल रिसीव करने वाला व्यक्ति "Hello" बोलता है, सिस्टम उस नंबर को एक्टिव के रूप में दर्ज कर लेता है.

कैसे काम करता है यह फ्रॉड?

साइबर अपराधी विशेष सॉफ्टवेयर और ऑटोमेटेड सिस्टम की मदद से बड़ी संख्या में मोबाइल नंबरों पर कॉल करते हैं. जब कोई व्यक्ति कॉल उठाकर प्रतिक्रिया देता है, तो उसका नंबर सक्रिय उपयोगकर्ता की सूची में जोड़ दिया जाता है.

इसके बाद वही नंबर विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग कॉल, बैंकिंग स्कैम या अन्य साइबर अपराधों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले डाटाबेस का हिस्सा बन सकता है.

क्यों बढ़ रहा है खतरा?

डिजिटल युग में मोबाइल नंबर किसी व्यक्ति की पहचान और कई ऑनलाइन सेवाओं से जुड़ा होता है. ऐसे में साइबर अपराधियों के लिए सक्रिय नंबरों की जानकारी जुटाना बेहद महत्वपूर्ण होता है.

एक बार नंबर एक्टिव साबित होने के बाद व्यक्ति को लगातार संदिग्ध कॉल, फर्जी ऑफर, बैंकिंग धोखाधड़ी या अन्य साइबर ठगी का सामना करना पड़ सकता है.

गृह मंत्रालय ने किया सतर्क

साइलेंट कॉल स्कैम को लेकर गृह मंत्रालय ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. CyberDost 14C की ओर से भी नागरिकों को चेतावनी जारी की गई है कि अनजान नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल्स को गंभीरता से लें और सतर्क रहें.

अनजान कॉल्स से क्यों रहना चाहिए सावधान?

कई बार स्कैमर्स सीधे ठगी करने के बजाय पहले यह पता लगाते हैं कि कौन-सा नंबर इस्तेमाल में है. साइलेंट कॉल स्कैम इसी प्रक्रिया का हिस्सा माना जाता है. इसलिए लगातार आने वाली ऐसी कॉल्स को नजरअंदाज करना और सतर्क रहना जरूरी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो