Adobe Premiere iPhone App: कंटेंट क्रिएटर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है. टेक कंपनी Adobe अपना वीडियो एडिटिंग सॉफ्टवेयर पहली बार आईफोन यूजर्स के लिए लॉन्च करने जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ऐप इस महीने के आखिर तक रोलआउट होना शुरू हो जाएगा. Adobe Premiere ऐप फिलहाल Apple App Store पर प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध है. यह ऐप फ्री डाउनलोड होगा. इसमें वो सारे प्रोफेशनल एडिटिंग टूल्स दिए जाएंगे, जो अब तक सिर्फ डेस्कटॉप वर्जन में मिलते थे.
कंपनी ने इस ऐप को खासतौर पर शॉर्ट-फॉर्म वीडियो क्रिएटर्स के लिए डिजाइन किया है. ऐसे समय में जब Instagram Reels, YouTube Shorts और TikTok जैसे प्लेटफॉर्म तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, Adobe का लक्ष्य है कि क्रिएटर्स को सीधे मोबाइल पर ही प्रोफेशनल क्वालिटी एडिटिंग टूल्स मिल सकें, ताकि उन्हें थर्ड-पार्टी ऐप्स पर निर्भर न रहना पड़े.
Adobe का कहना है कि यह नया ऐप कंटेंट क्रिएटर्स को सिंपल, फ्री और पावरफुल एडिटिंग का अनुभव देगा. इसमें कई ऐसे फीचर्स होंगे, जिनकी मदद से सीधे मोबाइल से ही हाई-क्वालिटी कंटेंट तैयार किया जा सकेगा.
आईफोन पर लॉन्च हो रहे Adobe Premiere ऐप में डेस्कटॉप वर्ज़न के कई लोकप्रिय टूल्स शामिल होंगे. इनमें से कुछ इस प्रकार हैं-
मल्टी-ट्रैक टाइमलाइन और कलर-कोडेड लेयर्स
फ्रेम-एक्यूरेट ट्रिमिंग
अनलिमिटेड वीडियो, ऑडियो और टेक्स्ट लेयर्स
4K HDR एडिटिंग सपोर्ट
ऑटोमैटिक कैप्शंस, सबटाइटल स्टाइलिंग और वॉइसओवर रिकॉर्डिंग
प्रोजेक्ट्स में सीधे साउंड इफेक्ट्स जोड़ने की सुविधा
सबसे खास बात यह है कि अन्य फ्री ऐप्स की तरह इसमें एडिट किए गए वीडियो पर कोई वॉटरमार्क नहीं होगा. इससे यह ऐप प्रोफेशनल और कैज़ुअल दोनों तरह के क्रिएटर्स के लिए परफेक्ट टूल साबित हो सकता है.
यह ऐप Adobe Firefly AI के साथ इंटीग्रेटेड होगा. यानी क्रिएटर्स सिर्फ टेक्स्ट प्रॉम्प्ट टाइप करके इमेज, साउंड और वीडियो एलिमेंट्स जेनरेट कर सकेंगे. साथ ही इसमें शामिल होंगे-
Enhance Speech: नॉइज़ी रिकॉर्डिंग को साफ और बेहतर बनाने का फीचर
Generative Sound Effects: वीडियो के मूड के हिसाब से कस्टम ऑडियो तैयार करना
Adobe Stock के फ्री एसेट्स, Adobe Fonts और Lightroom प्रीसेट्स की एक्सेस
इन फीचर्स की मदद से आईफोन से ही पॉलिश्ड और हाई-क्वालिटी वीडियो कंटेंट बनाना बेहद आसान होगा.
यह ऐप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. यूज़र्स सिर्फ एक टैप में वीडियो एक्सपोर्ट कर सकेंगे, साथ ही यह ऑटोमैटिकली Instagram, YouTube, TikTok जैसे प्लेटफॉर्म्स के लिए सही साइज में रीसाइज़ भी कर देगा.
जो यूजर्स एडवांस प्रोजेक्ट्स पर काम करना चाहते हैं, वे इस ऐप में बनाए गए काम को सीधे डेस्कटॉप वर्ज़न Premiere Pro पर ट्रांसफर कर पाएंगे.
जहां आईफोन ऐप इस महीने लॉन्च होने जा रहा है, वहीं Adobe ने कंफर्म किया है कि इसका Android वर्ज़न भी डेवलपमेंट में है. हालांकि, इसके लॉन्च की तारीख अभी सामने नहीं आई है. First Updated : Saturday, 06 September 2025