कैसा होगा iPhone 18 Pro का मॉडल्स, डिजाइन को लेकर प्लानिंग आई सामने!

iPhone 18 Pro मॉडल्स की लॉन्चिंग में अभी काफी समय बाकी है, लेकिन इससे जुड़ी कई लीक और रिपोर्ट्स पहले ही सामने आने लगी हैं. ताज़ा लीक में iPhone 18 Pro के डिज़ाइन, रियर कवर और डिस्प्ले फीचर्स के बारे में दिलचस्प जानकारी मिली है.

calender

ऐप्पल हर साल अपने नए आईफोन मॉडल्स लॉन्च करती है और अब चर्चा अगले साल लॉन्च होने वाले iPhone 18 Pro मॉडल्स की हो रही है. हालांकि, इसकी लॉन्चिंग में अभी काफी समय बाकी है, लेकिन इससे जुड़ी कई लीक और रिपोर्ट्स पहले ही सामने आने लगी हैं.  ताज़ा लीक में iPhone 18 Pro के डिज़ाइन, रियर कवर और डिस्प्ले फीचर्स के बारे में दिलचस्प जानकारी मिली है.

ये फिचर्स मिलेंगे  

रिपोर्ट के अनुसार,  iPhone 18 Pro मॉडल्स में कंपनी एक नया और अनोखा ट्रांसपेरेंट या ट्रांसलुसेंट रियर कवर देने पर विचार कर रही है. मतलब फोन का बैक साइड कुछ हद तक पारदर्शी हो सकता है, जिससे इसके अंदर के पार्ट्स झलक सकते हैं. यह कॉन्सेप्ट कुछ हद तक Nothing Phone के डिज़ाइन जैसा हो सकता है. हालांकि, यह साफ नहीं है कि ऐप्पल इसे कितना ट्रांसपेरेंट बनाएगी. अगर कंपनी ऐसा करती है, तो यह ऐप्पल के लिए काफी बोल्ड और यूनिक फैसला होगा. क्योंकि, अब तक ऐप्पल अपने डिवाइसेज़ के प्रोफेशनल और प्रीमियम लुक को बनाए रखने पर ज्यादा ध्यान देती आई है.

बड़ा बदलाव साबित होगा ट्रांसपेरेंट रियर कवर

पिछले कुछ सालों में ऐप्पल ने अपने आईफोन के रंगों में जरूर प्रयोग किए हैं.  जैसे ब्राइट और पेस्टल कलर्स. लेकिन, डिज़ाइन को लेकर कंपनी हमेशा एक सादगी और प्रीमियम फिनिश बनाए रखती है. ऐसे में ट्रांसपेरेंट रियर कवर एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है, जो ऐप्पल के डिज़ाइन लैंग्वेज में नई पहचान जोड़ेगा.

डिस्प्ले से जुड़ी नई जानकारी सामने आई

इसके अलावा iPhone 18 Pro के डिस्प्ले से जुड़ी भी नई जानकारी सामने आई है. कहा जा रहा है कि ऐप्पल अब डायनामिक आईलैंड वाले नॉच को छोटा करके उसकी जगह 'पंच-होल' डिस्प्ले देने की योजना बना रही है. इसके लिए कंपनी होल-इन-एक्टिव-एरिया टेक्नोलॉजी का उपयोग करेगी. इस तकनीक में फ्रंट कैमरे को सीधे OLED डिस्प्ले के अंदर सेट किया जाएगा, जिससे स्क्रीन पर ज्यादा जगह मिलेगी और डिज़ाइन और भी स्लिम लगेगा. पहले यह खबर आई थी कि कंपनी अंडर-डिस्प्ले फेस आईडी सिस्टम लाने पर काम कर रही है, लेकिन नई रिपोर्ट्स में इसका जिक्र नहीं है.

iPhone 18 सीरीज़ कब लॉन्च होगी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐप्पल 2026 के सितंबर महीने में iPhone 18 सीरीज़ लॉन्च करेगी. इसमें iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max, iPhone Air 2 और संभवतः एक फोल्डेबल iPhone शामिल हो सकता है.  हालांकि, स्टैंडर्ड iPhone 18 मॉडल को कंपनी 2027 की शुरुआत में पेश करने की योजना बना रही है. अगर यह लीक सही साबित होती है, तो iPhone 18 Pro सीरीज़ ऐप्पल की अब तक की सबसे ज्यादा फ्यूचरिस्टिक और इनोवेटिव लाइनअप में से एक हो सकती है. First Updated : Saturday, 08 November 2025