मेटा ने लॉन्च किया अपना पहला AI मॉडल 'Muse Spark', जानिए इसकी खासियत
मेटा ने अपना नया AI मॉडल ‘म्यूज स्पार्क’ लॉन्च किया है, जिसे तेज़ और स्मार्ट बताया जा रहा है. यह मॉडल कई बड़े AI सिस्टम्स को चुनौती दे सकता है, लेकिन इसके फीचर्स और रणनीति में कई दिलचस्प बातें छिपी हैं.

2025 में टेक दुनिया में एक बड़ा दांव खेलते हुए मार्क जकरबर्ग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दिशा में एक नया अध्याय शुरू किया. मेटा ने अरबों डॉलर खर्च कर ‘मेटा सुपरइंटेलिजेंस लैब्स’ (MSL) की स्थापना की और अब इसी पहल के तहत कंपनी ने अपना पहला AI मॉडल “म्यूज स्पार्क” लॉन्च कर दिया है. इसे मेटा का अब तक का सबसे एडवांस और तेज AI सिस्टम बताया जा रहा है, जो आने वाले समय में करोड़ों यूजर्स के डिजिटल अनुभव को बदल सकता है.
मेटा ने स्केल एआई को 14 अरब डॉलर से अधिक में खरीदने के बाद उसके पूर्व सीईओ एलेक्जेंडर वांग को MSL का नेतृत्व सौंपा. वांग के मुताबिक, “म्यूज स्पार्क” को पूरी तरह नए तरीके से केवल 9 महीनों में तैयार किया गया है. यह AI मॉडल अब मेटा के प्रमुख प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर Meta AI को और अधिक शक्तिशाली बनाएगा. यानी यूजर्स को अब पहले से ज्यादा स्मार्ट और तेज AI अनुभव मिलने वाला है.
मेटा म्यूज स्पार्क क्या है?
म्यूज स्पार्क, मेटा के नए “म्यूज़” AI मॉडल परिवार का हिस्सा है, जो पुराने लामा मॉडल की जगह लेगा. हालांकि यह कंपनी का सबसे बड़ा मॉडल नहीं है, लेकिन इसे खास तौर पर छोटा, तेज़ और प्रभावी बनाने पर ध्यान दिया गया है. मेटा के अनुसार, यह मॉडल विज्ञान, गणित और स्वास्थ्य जैसे कठिन विषयों से जुड़े सवालों को समझने और हल करने में सक्षम है. इसकी डिजाइन इस तरह की गई है कि यह कम संसाधनों में भी अच्छा प्रदर्शन कर सके.
बड़े AI मॉडल्स से सीधी टक्कर
कंपनी का दावा है कि म्यूज़ स्पार्क कई मामलों में एंथ्रोपिक के क्लाउड ओपस 4.6 और ओपनएआई के जीपीटी 5.4 जैसे उन्नत मॉडलों को चुनौती दे सकता है. इसमें मल्टीमॉडल रीजनिंग, हेल्थ एप्लिकेशन और एजेंटिक AI जैसी क्षमताएं शामिल हैं. वांग के अनुसार, इसका “थिंकिंग मोड” एक साथ कई AI एजेंट्स को संभाल सकता है, जिससे जटिल काम आसानी से पूरे हो जाते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि टेस्टिंग के दौरान यह मॉडल जेमिनी डीप थिंक और जीपीटी प्रो जैसे हाई-लेवल AI सिस्टम्स के साथ प्रतिस्पर्धा करता नजर आया.
म्यूज़ स्पार्क क्या-क्या कर सकता है?
यह AI मॉडल सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपके आसपास की जानकारी को समझने की क्षमता भी रखता है. म्यूज़ स्पार्क विज्ञान और गणित की जटिल समस्याओं को हल कर सकता है, साथ ही मेटा ऐप्स पर आपकी बातचीत के आधार पर उपयोगी सुझाव भी दे सकता है.
कंपनी का कहना है कि यह मॉडल खासतौर पर उन 3 अरब यूज़र्स के लिए बनाया गया है, जो रोजाना मेटा के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं. इसके अलावा, इसमें एक नया “शॉपिंग मोड” भी जोड़ा गया है, जो यूज़र्स को उनकी पसंद और क्रिएटर्स के आधार पर प्रोडक्ट सुझाव देता है.
ओपन सोर्स नहीं है यह मॉडल
जहां पहले मेटा अपने लामा मॉडल्स को ओपन-सोर्स रखता था, वहीं म्यूज़ स्पार्क को फिलहाल क्लोज्ड-सोर्स रखा गया है. इसका मतलब है कि इसका कोड आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं है. हालांकि कंपनी ने संकेत दिया है कि भविष्य में इसके कुछ वर्जन ओपन-सोर्स किए जा सकते हैं. अभी के लिए यह मॉडल सीमित पार्टनर्स को निजी API के जरिए उपलब्ध कराया गया है.
एलेक्जेंडर वांग के अनुसार, यह सिर्फ शुरुआत है. मेटा पहले से ही इससे बड़े और ज्यादा ताकतवर AI मॉडल्स पर काम कर रहा है और इसके लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बढ़ाया जा रहा है. सुरक्षा के मामले में भी म्यूज़ स्पार्क को खास ध्यान के साथ तैयार किया गया है. कंपनी का दावा है कि टेस्टिंग के दौरान इस मॉडल ने जैविक और रासायनिक हथियारों जैसे संवेदनशील विषयों पर अन्य AI मॉडल्स की तुलना में ज्यादा सख्त और सुरक्षित प्रतिक्रिया दी.


