CSK vs KKR: धोनी की वापसी का इंतजार खत्म? कोलकाता के खिलाफ मुकाबले से पहले नेट्स पर दिखें दिग्गज खिलाड़ी
आज CSK और KKR के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा. मैच से पहले एक बड़ी अपडेट सामने आई है. एमएस धोनी नेट्स पर बल्लेबाजी की प्रैक्टिस शुरू कर दी है, ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या वे आज के मैच में खेलते हुए दिखाई देंगे या नहीं?

CSK vs KKR: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ आईपीएल 2026 के मैच से पहले नेट्स पर बल्लेबाजी की प्रैक्टिस शुरू कर दी है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को चेन्नई में होने वाले इस मैच में उनके खेलने की संभावना बहुत कम है. धोनी अभी भी पूरी तरह मैच फिट नहीं हुए हैं. उन्होंने CSK के सपोर्ट स्टाफ से थ्रोडाउन फेस किए, जिसमें बैटिंग कोच माइकल हसी भी शामिल थे.
कैल्फ स्ट्रेन से जूझ रहे हैं धोनी
44 वर्षीय धोनी ने CSK के अब तक के चार मैच मिस कर दिए हैं. कैल्फ स्ट्रेन की वजह से वे टीम के साथ बाहर के मैचों में भी नहीं गए. आईपीएल शुरू होने से पहले ही फ्रेंचाइजी ने साफ कर दिया था कि धोनी पहले दो हफ्ते नहीं खेल पाएंगे.
अब उनकी रिहैबिलिटेशन पूरी हो चुकी है, लेकिन वे अभी फुल फिटनेस हासिल नहीं कर पाए है. प्रैक्टिस सेशन में उन्होंने विकेटकीपिंग की भी कोई प्रैक्टिस नहीं की.
टीम पर धोनी का असर अभी भी मजबूत
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा था कि धोनी मैदान पर न होने के बावजूद टीम के साथ पूरी तरह जुड़े हुए हैं. उन्होंने कहा, “धोनी के बिना भी यह सिर्फ एक मैच है. वे टीम में बहुत ज्यादा शामिल हैं और उनका प्रभाव अभी भी बहुत मजबूत है.”
CSK की खराब शुरुआत
रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली सीएसके की इस सीजन की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार का सामना करना पड़ा. आखिरी मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से हराकर टीम को पहली जीत मिली.
पांच बार की चैंपियन सीएसके अब 10 टीमों की तालिका में नौवें स्थान पर है. चार मैचों में सिर्फ 2 अंक ही टीम के खाते में है. पिछले दो सीजन में सीएसके प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई थी.
धोनी के करियर पर नजर
धोनी ने CSK को सभी पांच आईपीएल खिताब दिलाए हैं. 2023 में पांचवां खिताब जीतने के बाद उन्होंने घुटने की सर्जरी कराई थी. आईपीएल 2024 में भी मसल स्पाज्म की समस्या झेलनी पड़ी. धोनी ने 2008 से अब तक 278 आईपीएल मैच खेले हैं. उन्होंने 5439 रन बनाए, औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा है. उनके नाम 24 अर्धशतक हैं.
फिलहाल रिपोर्ट्स कह रही हैं कि धोनी को मैच फिट होने में और समय लग सकता है. सीएसके फैंस को उनके जल्दी वापसी की उम्मीद है, लेकिन केकेआर के खिलाफ मैच में उनके खेलने पर अभी सवालिया निशान लगा हुआ है.


