नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है. एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शन में शामिल कुछ लोग ऐसे ऐप का इस्तेमाल करते मिले, जिससे बिना इंटरनेट के भी मैसेज भेजे और प्राप्त किए जा सकते हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को एक ऐसा संदिग्ध ऐप मिला है, जिसका इस्तेमाल कुछ प्रदर्शनकारी कर रहे थे. बताया जा रहा है कि यह ब्लूटूथ आधारित कम्युनिकेशन ऐप है, जो बिना इंटरनेट के भी काम करता है. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने अभी तक यह नहीं बताया है कि वह ऐप कौन सा है. इसके बाद लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि आखिर ऐसा कौन-सा ऐप है, जिससे बिना मोबाइल डेटा, वाई-फाई या सेल्युलर नेटवर्क के भी मैसेज भेजे और प्राप्त किए जा सकते हैं.
WhatsApp, Telegram और Signal जैसे ऐप मैसेज भेजने के लिए इंटरनेट, मोबाइल डेटा या वाई-फाई का इस्तेमाल करते हैं. वहीं, ऑफलाइन मैसेजिंग ऐप Bluetooth Low Energy (BLE) तकनीक की मदद से काम करते हैं. यह तकनीक आज के लगभग सभी आधुनिक स्मार्टफोन्स में मौजूद होती है और कम दूरी पर बिना इंटरनेट के भी डिवाइसों के बीच मैसेज भेजने की सुविधा देती है.
ऑफलाइन मैसेजिंग के लिए Bitchat एक चर्चित ऐप है. इसे 2025 में ट्विटर के सह-संस्थापक जैक डॉर्सी ने लॉन्च किया था. यह ऐप Bluetooth Low Energy (BLE) तकनीक का इस्तेमाल करता है, जिससे बिना इंटरनेट के भी पास मौजूद लोगों के बीच मैसेज भेजे और प्राप्त किए जा सकते हैं.
BitChat को गूगल प्ले स्टोर पर 10 लाख से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है. यह ऐप ब्लूटूथ की मदद से पास मौजूद डिवाइसों के बीच कनेक्शन बनाकर बिना इंटरनेट के मैसेज भेजने और प्राप्त करने की सुविधा देता है. इसी तरह के कई अन्य ऑफलाइन मैसेजिंग ऐप भी एंड्रॉयड यूजर्स के लिए गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध हैं. First Updated : Wednesday, 22 July 2026