नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक डिलीवरी एजेंट के व्यवहार ने लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिये है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक डिलीवरी एजेंट पार्सल लेकर एक घर के बाहर पहुंचता है. इस दौरान दरवाजा खोलने के लिए घर की एक छोटी बच्ची बाहर आती है और पार्सल लेती है. इसके बाद डिलीवरी एजेंट पार्सल की फोटो लेने का हवाला देते हुए घर के अंदर आने की कोशिश करता है. लेकिन इसके बाद क्या होता है चलिए जानते है.
उसी समय घर के अंदर मौजूद बच्ची की मां स्थिति को भांप लेती है. वह तुरंत बच्ची को अपनी ओर खींचते हुए डिलीवरी एजेंट से बाहर रहने के लिए कहती है और स्पष्ट करती है कि अगर फोटो लेनी है तो वह दरवाजे के बाहर से ही ली जाए. इसके बाद महिला तुरंत दरवाजा बंद कर देती है. वीडियो में डिलीवरी एजेंट यह कहते हुए सुनाई देता है कि उसे केवल डिलीवरी की तस्वीर लेनी थी.
वहीं अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है और कई यूजर्स इसे घर की सुरक्षा और सतर्कता का महत्वपूर्ण उदाहरण बता रहे हैं. लोगों का कहना है कि ऑनलाइन डिलीवरी आज भले ही रोजमर्रा की जरूरत बन चुकी हो, लेकिन किसी भी अनजान व्यक्ति को घर के अंदर प्रवेश देने से पहले पूरी सावधानी बरतनी चाहिए.
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चों को भी इस तरह की परिस्थितियों से निपटने के बारे में जागरूक किया जाए. उनका कहना है कि अगर घर पर कोई बड़ा मौजूद न हो, तो बच्चों को अकेले दरवाजा खोलने या किसी अजनबी को अंदर आने देने से बचना चाहिए.
बता दें, विशेषज्ञ भी समय-समय पर सलाह देते रहे हैं कि किसी भी डिलीवरी की पुष्टि दरवाजे पर ही करें और अनजान लोगों को घर के भीतर प्रवेश न करने दें. इसके साथ ही, बच्चों को सुरक्षा संबंधी बुनियादी नियमों की जानकारी देना भी जरूरी है. यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि ऑनलाइन सुविधाओं का उपयोग करते समय सतर्क रहना उतना ही जरूरी है जितना सुविधा का लाभ उठाना। छोटी-सी सावधानी कई बार बड़ी अनहोनी को टाल सकती है. First Updated : Sunday, 19 July 2026