40 फीट ऊंचाई से नीचे गिरा युवक, टूटी जिपलाइन, कर्नाटक का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जहां दांडेली स्थित स्टर्लिंग रिवर रिसॉर्ट में एक युवक जिपलाइन का आनंद ले रहा था. इसी दौरान वह करीब 30 से 40 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं.

नई दिल्ली: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में स्थित दांडेली के एक निजी रिसॉर्ट में जिपलाइन एक्टिविटी के दौरान गंभीर हादसे की खबर सामने आई है. बता दें, इस हादसे के दौरान एक 24 वर्षीय युवक की घायल होने की खबर सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि घटना के बाद पीड़ित के परिवार ने रिसॉर्ट प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. वहीं, रिसॉर्ट ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताया है.
कुबेरा सुरपुरा के रूप में हुई घायल की पहचान
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान विजयपुरा जिले के सुरपुरा निवासी कुबेरा सुरपुरा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि 3 जुलाई को वह दांडेली स्थित स्टर्लिंग रिवर रिसॉर्ट में जिपलाइन का आनंद ले रहे थे. इसी दौरान वह करीब 30 से 40 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई.
🚨 HORRIFYING ACCIDENT: Zipline Cable Snaps at Dandeli Resort 😱🛑
A terrifying video has surfaced capturing the exact moment a tourist fell from a dangerous height of 30–40 feet after a zipline lock broke mid-ride.
Here is what you need to know about the incident:
📍 WHERE… pic.twitter.com/rNBi6grq0l— ViralDecoder (@ViralDecoder) July 19, 2026
हादसे में कुबेरा को कई जगह फ्रैक्चर होने के साथ-साथ नसों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है. परिवार के मुताबिक, उनकी अब तक कई सर्जरी हो चुकी हैं और फिलहाल उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.
पर्याप्त सुरक्षा का इंतजाम नहीं
पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि रिसॉर्ट में जिपलाइन जैसी एडवेंचर एक्टिविटी के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे. उनका कहना है कि अगर सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया जाता तो इस तरह का हादसा टाला जा सकता था. परिवार ने यह भी दावा किया कि दुर्घटना के तुरंत बाद रिसॉर्ट प्रबंधन ने इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में अपने वादे से पीछे हट गया.
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि एडवेंचर गतिविधियों का संचालन करने वाले संस्थानों की जवाबदेही तय होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो.
रिसॉर्ट ने आरोपों से किया इनकार
दूसरी ओर, स्टर्लिंग रिवर रिसॉर्ट ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है. रिसॉर्ट प्रबंधन का कहना है कि घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण थी और हादसे के समय सभी निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था. प्रबंधन के अनुसार, उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद यह एक आकस्मिक दुर्घटना थी, जिसे लापरवाही का मामला नहीं कहा जा सकता। फिलहाल, इस घटना को लेकर दोनों पक्षों के दावों के बीच मामले पर आगे की कार्रवाई और जांच का इंतजार किया जा रहा है.


