तोंद वाले मर्द सबसे हैंडसम? दुनिया के इस कोने में मोटापा है सुंदरता का राज, लड़कियां इन्ही मर्दों पर हैं फिदा

अफ्रीका के इथियोपिया में बोदी जनजाति की सोच बाकी लोगों से बिलकुल अलग है. यहां पर जो पुरुष सबसे मोटा और भारी होगा वही आकर्षक होता है. इनपर लड़कियां भी फिदा होती हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: दुनिया में ज्यादातर जगहों पर पतला और फिट शरीर को सुंदरता का प्रतीक माना जाता है, लेकिन अफ्रीका के इथियोपिया में बोदी जनजाति की सोच पूरी तरह अलग है. यहां मोटे और भारी भरकम शरीर वाले पुरुषों को सबसे ज्यादा आकर्षक और सम्मानजनक माना जाता है. 

बोदी जनजाति की अनोखी परंपरा

बोदी जनजाति में हर साल “का'एल” नाम का एक खास समारोह आयोजित होता है. यह एक प्रकार की प्रतियोगिता है जिसमें युवा पुरुष भाग लेते हैं. हर परिवार अपने एक अविवाहित युवक को इस प्रतियोगिता के लिए चुनता है. चुने गए युवक को लगभग 6 महीने तक खास तैयारी करनी पड़ती है. इस दौरान उनका एकमात्र लक्ष्य होता है कि जितना हो सके उतना वजन बढ़ाना. 

वे अपनी झोपड़ी में रहते हैं और ज्यादा शारीरिक मेहनत नहीं करते. उनका मुख्य भोजन गाय का दूध और पशुओं का खून होता है. जानवरों को मारकर खून नहीं लिया जाता, बल्कि थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खून लेकर उनकी अच्छी देखभाल की जाती है क्योंकि उन्हें पवित्र माना जाता है.

गांव वाले करते हैं खास देखभाल

पूरे गांव के लोग इन युवकों की बहुत अच्छी देखभाल करते हैं. उन्हें आराम से रहने और खाने की पूरी सुविधा दी जाती है क्योंकि यह प्रतियोगिता पूरे समुदाय के लिए गर्व का विषय होती है. 6 महीने की तैयारी पूरी होने के बाद सभी प्रतिभागी समारोह में शामिल होते हैं. वे अपने शरीर पर मिट्टी और राख लगा कर आते हैं और गर्व से अपना भारी-भरकम शरीर दिखाते हैं. 

सबसे मोटा युवक बनता है हीरो

प्रतियोगिता में जिस युवक का शरीर सबसे ज्यादा मोटा और भारी होता है, उसे विजेता घोषित कर दिया जाता है. उसे कोई नकद इनाम नहीं मिलता, लेकिन पूरे समाज में उसे बहुत सम्मान और पहचान मिलती है. वह जीवन भर के लिए जनजाति का नायक बन जाता है.

बोदी जनजाति की महिलाएं बड़े पेट और भारी शरीर वाले पुरुषों को ज्यादा पसंद करती हैं. उनके लिए बड़ा शरीर ताकत, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का प्रतीक होता है. 

बदलते समय में परंपरा

आधुनिक समय में यह परंपरा धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है और खत्म होने के कगार पर है. फिर भी यह अनोखी रिवाज हमें याद दिलाती है कि सुंदरता का मतलब हर समाज और संस्कृति में अलग-अलग हो सकता है. जहां एक जगह पतलापन फैशन है, वहीं बोदी जनजाति में तोंद वाले पुरुष सबसे हैंडसम माने जाते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो