विदेश से ताजमहल घूमने आई महिला की खुली साड़ी, महिला कांस्टेबल ने की मदद, यूजर्स बोलें- 'अतिथि देवो भव'

आगरा के ताजमहल परिसर से इंसानियत और भारतीय संस्कृति की खूबसूरत तस्वीर सामने आई है. र्जेंटीना से भारत घूमने आई एक महिला पर्यटक भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर साड़ी पहनकर ताजमहल देखने पहुंची थी. इसी दौरान महिला के साड़ी खुल गई, जहां महिला कांस्टेबल मदद का हाथ आगे बढ़ाया.

Yashika Jandwani

उत्तर प्रदेश: आगरा के ताजमहल परिसर से इंसानियत और भारतीय संस्कृति की खूबसूरत तस्वीर सामने आई है. यहां ड्यूटी पर तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस की एक महिला कांस्टेबल ने विदेशी पर्यटक की मदद कर न केवल अपनी इंसानियत दिखाई, बल्कि अतिथि देवो भव की भावना को भी साकार कर दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग महिला पुलिसकर्मी की जमकर सराहना कर रहे हैं.

महिला की खुली साड़ी 

जानकारी के मुताबिक, अर्जेंटीना से भारत घूमने आई एक महिला पर्यटक भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर साड़ी पहनकर ताजमहल देखने पहुंची थी. लेकिन पारंपरिक भारतीय परिधान पहनने का अनुभव न होने के कारण परिसर में घूमते समय उसकी साड़ी खुलने लगी. अचानक आई इस स्थिति से वह असहज हो गई और उसे समझ नहीं आ रहा था कि क्या किया जाए.

इसी दौरान वहां तैनात महिला कांस्टेबल गुड्डी देवी की नजर पर्यटक पर पड़ी. उन्होंने बिना किसी झिझक के विदेशी महिला के पास पहुंचकर उसकी साड़ी ठीक से संभालने में मदद की. महिला कांस्टेबल की इस संवेदनशील पहल से पर्यटक ने राहत महसूस की और मुस्कुराते हुए उनका आभार व्यक्त किया.

मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ वीडियो 

मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कांस्टेबल पूरी गरिमा और सम्मान के साथ विदेशी महिला की सहायता कर रही हैं, ताकि वह बिना किसी परेशानी के ताजमहल का भ्रमण जारी रख सके. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है.

उत्तर प्रदेश पुलिस ने क्या कहा? 

उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, ताज सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी केवल ऐतिहासिक स्मारक की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश और विदेश से आने वाले पर्यटकों की हरसंभव सहायता करना भी उनकी प्राथमिकता है. पुलिसकर्मियों को 'अतिथि देवो भव' और 'वसुधैव कुटुंबकम्' की भावना के साथ पर्यटकों के प्रति सहयोगी और संवेदनशील व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया जाता है.

महिला कांस्टेबल की जमकर हो रही तारीफ 

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग महिला कांस्टेबल गुड्डी देवी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा "शाबाश बेटे, स्त्री पहले दूसरी स्त्री की देखभाल करती है। अतिथि देवो भव।" दूसरे यूजर ने कहा "इसे ही तो 'अतिथि देवो भव' की सच्ची परिभाषा कहते हैं! जब कोई विदेशी पर्यटक हमारे देश में आता है, तो वह हमारी संस्कृति को अपनाना चाहता है, और ऐसे क्षणों में, हमारी पुलिस का यह मानवीय चेहरा पूरी दुनिया की नजरों में भारत की छवि को और भी खूबसूरत बना देता है। सलाम!". यही वजह है कि महिला कांस्टेबल की छोटी से मदद  विदेशी पर्यटक के लिए यादगार अनुभव बन गई. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो