Viral Video: आईआईटी बॉम्बे के कैंपस में एक बड़ा मगरमच्छ खुलेआम घूमता नजर आया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. यह घटना तब प्रकाश में आई जब मगरमच्छ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. बताया जा रहा है कि यह मगरमच्छ पास की पवई झील से भटक कर परिसर में घुस आया था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ को सबसे पहले परिसर के एक रास्ते पर देखा गया था. वहां मौजूद छात्रों और कर्मचारियों ने इसे दूर से देखा और वन विभाग को सूचित किया.
रिपोर्ट के अनुसार, आईआईटी सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी ताकि मगरमच्छ किसी को नुकसान न पहुंचा सके. यह वीडियो X पर @rushikesh_agre_ नामक यूजर ने पोस्ट किया था. वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा गया, आईआईटी बॉम्बे के पवई कैंपस में मगरमच्छ देखा गया.
वन विभाग के अधिकारियों ने मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से पकड़ने और उसे वापस पवई झील में छोड़ने की योजना बनाई. विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान जल स्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ अक्सर अपने प्राकृतिक आवास से बाहर आ जाते हैं. RAWW के संस्थापक और अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि यह मगरमच्छ मादा हो सकती है जो अंडे देने के लिए घोंसला तलाश रही है.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए इस वीडियो को बहुत ही सारे लोगों ने देख लिया. नेटिज़ेंस इस वीडियो पर मजेदार कमेंट कर रहे हैं, जबकि कुछ उन्हें आईआईटी बॉम्बे का नया 'अतिथि' कह रहे हैं.
First Updated : Wednesday, 26 March 2025