Blinkit की स्पीड देख दंग रह गई ब्रिटिश टूरिस्ट, 3 मिनट में मिला ऑर्डर तो बोलीं- ब्रिटेन ऐसा कभी नहीं कर सकता

Blinkit की तेज डिलीवरी सेवा देखकर एक ब्रिटिश टूरिस्ट हैरान रह गईं. उन्होंने भारत में महज 3 मिनट में अपना ऑर्डर मिलने पर कहा, ब्रिटेन ऐसा कभी नहीं कर सकता अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

calender

नई दिल्ली: भारत की तेज डिलीवरी सेवाएं अब विदेशी टूरिस्ट्स को भी हैरान कर रही हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ब्रिटेन की ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर भारत में Blinkit की फास्ट डिलीवरी देखकर अपनी हैरानी जाहिर करती नजर आ रही हैं.

ब्रिटेन के वेल्स शहर की ट्रैवल ब्लॉगर कारा वाइल्डबर ने बताया कि उन्होंने Blinkit से कपड़े ऑर्डर किए थे, जो महज तीन मिनट में उनके पास पहुंच गए. इतनी तेज सेवा देखकर उन्होंने कहा, "ब्रिटेन ऐसा कभी नहीं कर सकता."

इंस्टाग्राम पर शेयर किया अनुभव

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @okay.kara.travels नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो में कारा वाइल्डबर बताती हैं कि उन्हें Blinkit ऐप के बारे में पहली बार आगरा यात्रा के दौरान पता चला था.

उन्होंने कहा, "हमें इस ब्लिंकइट ऐप के बारे में पहली बार कुछ हफ्ते पहले पता चला जब हम आगरा में थे. कोई हमारे होटल के रिसेप्शन पर पूछ रहा था कि क्या उन्हें पता है कि वे सूटकेस कहां से खरीद सकते हैं और होटल के रिसेप्शनिस्ट ने कहा- आप इसे ब्लिंकइट ऐप पर ऑर्डर कर सकते हैं और उनका सूटकेस सचमुच 10 मिनट से भी कम समय में रिसेप्शन पर पहुंच गया."

होली पर मंगाए कपड़े

कारा ने बताया कि उन्होंने होली के दिन इस ऐप को खुद इस्तेमाल करने का फैसला किया. उन्हें बाहर जाने के लिए कपड़ों की जरूरत थी, इसलिए उन्होंने Blinkit से टी-शर्ट और ट्राउजर ऑर्डर किया.

उन्होंने वीडियो में कहा, "सुबह उठकर मुझे एहसास हुआ कि मेरे पास पहनने के लिए उपयुक्त कपड़े नहीं हैं, तो मैंने सोचा, चलो एक बार कोशिश करते हैं. मैंने एक टी-शर्ट और एक ट्राउजर ऑर्डर किया है, और अभी दिखा रहा है कि इसमें नौ मिनट लगेंगे. मैंने इसे 10:23 बजे ऑर्डर किया था. देखते हैं यह कब तक आता है."

3 मिनट में पहुंचा ऑर्डर

हालांकि ऐप पर डिलीवरी टाइम नौ मिनट दिखाया गया था, लेकिन डिलीवरी एजेंट महज तीन मिनट में पहुंच गया. इस पर कारा ने अपनी हैरानी जाहिर करते हुए कहा, "ऐप अभी भी दिखा रहा है कि आठ मिनट दूर है, लेकिन असल में 10:26 बज रहे हैं और मुझे अभी-अभी एक फोन आया है जिसमें बताया गया है कि वे बाहर हैं. मेरे ऑर्डर का पहला हिस्सा तीन मिनट में आ गया. दूसरा हिस्सा अभी आना बाकी है, इसलिए मुझे अब उसका इंतजार करना होगा, लेकिन कोई बात नहीं, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. मैं उस सेवा से पूरी तरह से हैरान हूं. ब्रिटेन ऐसा कभी नहीं कर सकता."

सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी. एक यूजर ने लिखा, "भारत में फिलहाल ऐसे चार ऐप मौजूद हैं, हाहाहा."

दूसरे यूजर ने कहा, 'फिर भी, उन पायजामों के लिए 999 रुपये बहुत ज्यादा हैं.'

एक अन्य यूजर ने लिखा, "तेज खरीदारी वाकई लत लगाने वाली है. ब्लिंकइट, जेप्टो, स्विगी और इंस्टामार्ट के जरिए खरीदारी. देखिए, आपने एक पाउंड से शुरुआत की, फिर आप खरीदारी करते ही चले जाते हैं. जैसा कि कहावत है, भारत नौसिखियों के लिए नहीं है. इस अव्यवस्था को अपनाएं और भारत से प्यार करें."

वहीं एक और यूजर ने कमेंट किया, "भारत कई मामलों में अच्छा काम करता है. हमें बस थोड़ा सुधार करने और जनता को शिक्षित करने की जरूरत है. उम्मीद है आपने होली का आनंद लिया होगा. दीपावली पर जरूर आइएगा." First Updated : Wednesday, 27 May 2026