जोधपुर: आज के दौर में सोशल मीडिया लोगों के लिए पहचान बनाने का बड़ा माध्यम बन चुका है. इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर लोग अपने विचार वीडियो और रील्स के जरिए शेयर करते हैं. कई बार यही वीडियो वायरल होकर लोगों को रातोंरात मशहूर बना देते हैं, लेकिन लोकप्रियता के साथ ट्रोलिंग और आलोचना भी तेजी से बढ़ जाती है.
इसी बीच राजस्थान की कंटेंट क्रिएटर अनीता विश्नोई एक वीडियो को लेकर चर्चा में आ गई हैं. उन्होंने अपने वीडियो में महिलाओं के छोटे कपड़ों और वेस्टर्न पहनावे को लेकर टिप्पणी की थी. वीडियो में उन्होंने कहा था, “कपड़े हो गए छोटे, शर्म कहां से आए,रोटी हो गई ब्रेड तो ताकत कहां से आए”.
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई. कुछ लोगों ने उनकी बात का समर्थन किया, जबकि कई यूजर्स ने उन्हें जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया.
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही आलोचना और निगेटिव कमेंट्स से अनीता काफी परेशान हो गई थी. उनके इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर्स हैं और वीडियो तेजी से फैलने के बाद विवाद और बढ़ गया.
अनीता ने इंस्टाग्राम लाइव आकर अपनी बात भी रखी. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं और मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर किसी को शिकायत है तो सामने आकर बात करनी चाहिए.
अनीता के पति दिनेश के अनुसार, घटना के समय वह घर से बाहर थे. इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि अनीता इंस्टाग्राम लाइव पर हैं और कुछ लोगों पर परेशान करने के आरोप लगा रही हैं.
थोड़ी देर बाद बेटे का फोन आया कि अनीता ने जहरीला पदार्थ खा लिया है. इसके बाद परिवार उन्हें तुरंत जोधपुर के एमडीएम अस्पताल लेकर पहुंचा. डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती किया. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं.
परिवार का आरोप है कि कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स लगातार अनीता को निशाना बना रहे थे. इस मामले ने एक बार फिर ऑनलाइन ट्रोलिंग और मानसिक तनाव को लेकर बहस छेड़ दी है. First Updated : Thursday, 04 June 2026