गजब! सिगरेट की लत से परेशान था शख्स, चेहरे को पिंजरे में कैद कर बीवी को सौंपी चाबी

Viral News: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अजीबोगरीब पोस्ट वायरल हो रहा है. जिसमें तुर्की के इब्राहिम युसेल ने अपनी सिगरेट की लत छोड़ने के लिए एक बेहद अनोखा तरीका अपनाया. उन्होंने अपने सिर को एक धातू के पिंजरे से ढक लिया और उसकी चाबी अपनी पत्नी को दे दी, ताकि वह उनकी मदद से इस लत से छुटकारा पा सकें.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Viral News: सोशल मीडिया पर आए दिन कुछ ना कुछ वायरल होता रहता है. कभी-कभी ऐसी घटनाएँ सामने आती हैं, जो न सिर्फ हैरान करती हैं, बल्कि चौंका भी देती हैं. हाल ही में एक पोस्ट वायरल हुआ है, जिसमें एक शख्स ने सिगरेट की लत से छुटकारा पाने के लिए खुद को एक पिंजरे में बंद कर लिया. इसके बाद उसने इस पिंजरे की चाबी अपनी पत्नी को सौंप दी, ताकि वह उसकी मदद से इस लत से उबर सके.

नशे की लत आज के समय में एक गंभीर समस्या बन चुकी है. दुनिया भर में लाखों लोग इससे जूझ रहे हैं, और नशे के कारण परिवारों पर बुरा असर पड़ रहा है. भारत में भी यह समस्या गंभीर होती जा रही है. धूम्रपान के कारण न सिर्फ शरीर को नुकसान होता है, बल्कि समाज पर भी इसका गहरा असर पड़ता है. ऐसे में एक शख्स ने अपनी धूम्रपान की लत को छोड़ने के लिए एक अलग ही तरीका अपनाया, जो अब चर्चा का विषय बन चुका है.

सिगरेट की लत से था परेशान

इस अजीबोगरीब घटना का संबंध तुर्की के इब्राहिम युसेल से है, जिन्होंने 2013 में सिगरेट की लत को छोड़ने के लिए अपने सिर को एक पिंजरे से ढक लिया था. इब्राहिम का कहना था कि वह 26 साल से धूम्रपान कर रहे थे और कई बार कोशिश करने के बावजूद वह अपनी लत से छुटकारा नहीं पा सके. उनकी आदत ने न सिर्फ उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाया, बल्कि उनकी सामाजिक और पारिवारिक जीवन में भी रुकावट डाली थी.

चहरे को पिंजरे में किया कैद

इब्राहिम युसेल ने एक दिन फैसला लिया कि वह अपनी आदत को छोड़ने के लिए एक और कोशिश करेंगे, लेकिन इस बार कुछ अलग करेंगे. उन्होंने एक हेलमेट की शेप का धातू से बना पिंजरा अपने सिर पर पहन लिया, ताकि वह खुद को सिगरेट पीने से रोक सकें. इस पिंजरे की चाबी केवल उनकी पत्नी के पास थी, और वह इस चाबी को इब्राहिम के खाने के समय खोलती थी.

कई बार की कोशिशों के बावजूद मिली नाकामी

इब्राहिम युसेल ने हर साल अपने बच्चों के जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर यह वादा किया था कि वह सिगरेट छोड़ देंगे, लेकिन हर बार उनकी कोशिशें नाकाम हो जाती थीं. दिन में वह दो पैकेट सिगरेट पी जाते थे, जिससे उनकी हालत और खराब होती जा रही थी. अंततः उन्होंने इस बार अपनी पत्नी की मदद से एक अलग रास्ता अपनाने का सोचा और पिंजरे में बंद होकर अपनी लत से मुक्ति पाने का प्रयास किया.

क्या छूट गई?

हालांकि, यह तरीका बहुत अजीब और अलग था, लेकिन इसके बावजूद इब्राहिम के इस कदम को दुनिया भर में सुर्खियां मिलीं. इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. हालांकि, यह बात अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है कि 11 साल बाद इब्राहिम को अपनी सिगरेट की लत से पूरी तरह छुटकारा मिला या नहीं.

विश्व स्वास्थ्य संगठन की चेतावनी

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, हर साल तंबाकू के सेवन के कारण 80 लाख से अधिक लोग अपनी जान गवां देते हैं. इनमें से अधिकांश मौतें निम्न और मध्यम आय वाले देशों में हो रही हैं. इसके अलावा, तंबाकू का सेवन केवल स्मोकिंग करने वालों के लिए ही नहीं, बल्कि उनके आस-पास के लोगों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है. धूम्रपान से ना सिर्फ स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है, बल्कि यह बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए भी बेहद हानिकारक है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag