Kaal Bhairav Video: सोशल मीडिया पर आस्था से मजाक का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. मध्य प्रदेश के जबलपुर में भगवान काल भैरव की प्रतिमा को सिगरेट पिलाने का वीडियो वायरल हो गया है. इस वीडियो में युवक ने न केवल भगवान की प्रतिमा का अपमान किया, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई.
यह घटना जबलपुर के ग्वारीघाट इलाके में स्थित एक मंदिर की बताई जा रही है. वीडियो में दिख रहा युवक भगवान काल भैरव को सिगरेट अर्पित करने की बात करते हुए भक्तों से भी ऐसा करने की अपील कर रहा है. इस हरकत के बाद श्रद्धालुओं में गुस्सा फूट पड़ा है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
वायरल वीडियो करीब 36 सेकंड का है, जिसमें आकाश गोस्वामी नाम का एक युवक भगवान काल भैरव की प्रतिमा को सिगरेट पिलाते हुए नजर आ रहा है. वीडियो में युवक दावा कर रहा है कि भगवान काल भैरव उसकी सिगरेट पी रहे हैं. यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया और लोगों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई.
यह मामला जबलपुर के ग्वारीघाट इलाके के बादशाह हलवाई मंदिर के पास स्थित श्री प्राचीन काल भैरव सिद्धपीठ का है. बताया जा रहा है कि युवक ने यह हरकत वायरल होने के इरादे से की थी.
वीडियो वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है. लोग पुलिस और प्रशासन से युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं और समाज में गलत संदेश देती हैं.
जबलपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर युवक के खिलाफ कार्रवाई होगी. First Updated : Saturday, 30 November 2024