नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक इमोशनल वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया है. इस वीडियो में एक बेटी ने अपने पिता के 50वें जन्मदिन पर उन्हें नई बाइक गिफ्ट कर ऐसा सरप्राइज दिया कि वह अपनी भावनाओं को रोक नहीं सके. पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और यह पल परिवार के लिए हमेशा के लिए यादगार बन गया.
वीडियो को इंस्टाग्राम पर @nandus.notebook नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि परिवार के सदस्य पिता को घर के बाहर लेकर आते हैं, जहां एक वाहन लाल कपड़े से ढका हुआ खड़ा होता है.जैसे ही कपड़ा हटाया जाता है, सामने नई बाइक दिखाई देती है. यह नजारा देखकर पिता कुछ पल के लिए हैरान रह जाते हैं और फिर इमोशनल होकर अपने बेटे को गले लगा लेते हैं, जिसने इस सरप्राइज को सफल बनाने में बहन का साथ दिया था.
इसके बाद पिता वीडियो कॉल के जरिए अपनी बेटी से बात करते हैं और उसे इस खास तोहफे के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं. उनकी आंखों में खुशी और गर्व साफ झलकता है, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स को भी इमोशनल कर दिया.
बेटी ने वीडियो के साथ एक इमोशनल कैप्शन भी शेयर किया है. उसने लिखा कि उसके पिता ने हमेशा अपनी इच्छाओं से पहले परिवार की जरूरतों को महत्व दिया. बच्चों की हर छोटी-बड़ी ख्वाहिश पूरी करने के लिए उन्होंने जीवनभर मेहनत की और कभी अपनी खुशियों की परवाह नहीं की. बेटी ने कहा कि यह बाइक सिर्फ एक उपहार नहीं, बल्कि पिता के प्यार, त्याग और संघर्ष के प्रति उसका आभार व्यक्त करने का एक छोटा-सा प्रयास है.
वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई यूजर्स ने बेटी की सोच और अपने माता-पिता के प्रति सम्मान की सराहना की है. वहीं, कुछ लोगों ने लिखा कि पिता की आंखों में आए खुशी के आंसू इस बात का सबसे बड़ा सबूत हैं कि बच्चों का प्यार और सम्मान किसी भी महंगे तोहफे से कहीं ज्यादा कीमती होता है. यह वीडियो परिवार, रिश्तों और माता-पिता के प्रति कृतज्ञता का खूबसूरत संदेश देता नजर आ रहा है. First Updated : Saturday, 18 July 2026