'हम भीख मांगने नहीं, मेहनत करने आए हैं' लड़के के जवाब और कमाई ने इंटरनेट का दिल जीता

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल के बाहर एक किशोर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उसने भीख मांगने से इनकार करते हुए मेहनत से कमाई करने की बात कही. लड़के का आत्मसम्मान से भरा जवाब लोगों को इतना पसंद आया कि इंटरनेट पर उसकी ईमानदारी और मेहनत की खूब सराहना हो रही है.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक किशोर का आत्मसम्मान से भरा जवाब लोगों को काफी प्रभावित कर रहा है. वीडियो ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी मॉल के बाहर का बताया जा रहा है. क्लिप में लड़का साफ शब्दों में कहता है कि वह भीख मांगने नहीं, बल्कि मेहनत करके कमाने आया है. यही बात इंटरनेट यूजर्स का दिल जीत रही है.

मेहनत से पैसे कमाने आया लड़का 

वीडियो में कंटेंट क्रिएटर एक लड़के से बातचीत करती हैं और पूछती हैं कि वह कहां से आया है. लड़का बताता है कि वह दिल्ली से आया है. इसके बाद जब उससे पूछा जाता है कि क्या वह भीख मांगने आया है, तो वह तुरंत जवाब देता है, "मांगने कौन आया है, हम तो मेहनत करने आए हैं." उसका यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उसकी सोच की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

बातचीत के दौरान लड़का बताता है कि उसने दिनभर काम करके करीब दो से तीन हजार रुपये कमाए हैं. वह अपनी कमाई भी दिखाता है. उसके साथ मौजूद एक अन्य लड़का भी अपनी दिनभर की कमाई कैमरे के सामने दिखाता है. दोनों बताते हैं कि उन्होंने छत पर टीन लगाने का काम किया है.

मालिक ने रखा खाने-पीने का ध्यान 

लड़कों के मुताबिक, काम के दौरान उनके मालिक ने खाने-पीने का भी पूरा ध्यान रखा. उन्होंने बताया कि उन्हें बर्गर, पिज्जा और शिकंजी भी दी गई. बातचीत के अंत में कंटेंट क्रिएटर दोनों बच्चों की मेहनत की सराहना करते हुए उनसे विदा लेती हैं. बता दें, यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर रश्मि कांति के अकाउंट से शेयर किया गया है. पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया कि उन्हें शुरुआत में लगा था कि लड़का भीख मांग रहा होगा, लेकिन बातचीत के बाद सच्चाई कुछ और ही निकली. वीडियो को अब तक लाखों बार देखा जा चुका है और हजारों लोगों ने इसे पसंद किया है.

सोशल मीडिया पर जीता दिल 

कमेंट सेक्शन में अधिकांश यूजर्स ने बच्चों के आत्मसम्मान और मेहनत की भावना की सराहना की है. कई लोगों ने लिखा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन बच्चों ने मेहनत का रास्ता चुना, जो दूसरों के लिए भी प्रेरणा है. वहीं कुछ यूजर्स ने कहा कि बच्चों की भाषा और व्यवहार पर नहीं, बल्कि उनकी ईमानदारी और मेहनत करने की सोच पर ध्यान देना चाहिए. यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो