नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां पर प्रेम प्रसंग में हुए विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसकी महिला मित्र को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. लेकिन इसी बीच मामले को लेकर एक ऐसी जानकारी सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
यह घटना कानपुर के साकेत नगर क्षेत्र की है. जानकारी के अनुसार, मृतक युवक सुबोध अपने परिवार का एक ही सहारा था. पिता के निधन के बाद मां और दो बहनों की जिम्मेदारी उसी पर थी. वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और परिवार का खर्च उठाता था.परिजनों के मुताबिक, सुबोध का मोहल्ले में रहने वाली एक शादीशुदा महिला के साथ परिचय था और दोनों के बीच बातचीत होती थी. वहीं सोमवार सुबह महिला उसके घर आई थी. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. परिवार का आरोप है कि बहस के दौरान महिला ने सुबोध से उसके प्यार को साबित करने के लिए जान देने जैसी बात कह दी.
परिजनों का दावा है कि इस बहस के दौरान ने सुबोध कहा कि इतना प्यार है तो मर के दिखाओ। युवक ने महिला से कहा था कि वह ऐसी बातें न करे, क्योंकि वह सचमुच अपनी जान दे सकता है. आरोप है कि महिला के वहां से जाने के कुछ समय बाद युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो वह फंदे से लटका मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलने पर किदवई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक के परिजनों का आरोप है कि महिला के व्यवहार और बातचीत ने युवक को मानसिक रूप से आहत किया, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया.
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. युवक के मोबाइल फोन, चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है. First Updated : Wednesday, 22 July 2026