IMF प्रमुख ने जी-20 में भारत के नेतृत्व पर जताया भरोसा

दुनिया में आर्थिक मंदी के बीच अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रबंध निदेशक (एमडी) ने जी-20 में भारत के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक अर्थव्यवस्था की रक्षा करने के लिए एक महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत हमें एक साथ रखते हुए वैश्विक सेवा करेगा।

calender

दुनिया में आर्थिक मंदी के बीच अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की प्रबंध निदेशक (MD) ने G-20 में भारत के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक अर्थव्यवस्था की रक्षा करने के लिए एक महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत हमें एक साथ रखते हुए वैश्विक सेवा करेगा।

गुरूवार को एक संवाददाता सम्मेलन में आईएमएफ की एमडी क्रिस्टालिना जियोर्जिएवा ने भारत के विषय में बात की। जियोर्जिएवा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह ऐसा समय है जब दुनिया आर्थिक सुस्ती समेत कई संकटों का सामना कर रही है। ऐसे में हमें भारत के G-20 नेतृत्व पर काफी भरोसा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत वैश्विक औसत से बेहतर प्रदर्शन करने वाले देशों में शामिल है।

एमडी जियोर्जिएवा ने कहा कि दुनिया के लिए एकीकृत वैश्विक अर्थव्यवस्था की रक्षा करने के लिए यह एक महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि भारत हमें एक साथ रखते हुए इतनी बड़ी वैश्विक सेवा करेगा। इसके साथ ही उन्होंने भारत के डिजिटलीकरण की भी सराहना की।

एमडी क्रिस्टालिना जियोर्जिएवा ने कहा कि हम देखते हैं कि कैसे भारत ने बहुत अच्छी तरह से देश के पब्लिक और प्राइवेट सेक्टर में डिजिटलीकरण को लागू किया है। G20 की प्राथमिकताओं में एक डिजिटलीकरण भी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच पर डिजिटलीकरण कैसे बनाया जाए, जो हर किसी को इससे जुड़ने की अनुमति दें। यह कैसे विकास और रोजगार का स्रोत बन सकता है।

क्रिस्टालिना जियोर्जिएवा ने भारत की सराहना करते हुए कहा कि भारत निश्चित रूप से विकास को प्रभावित करता है। इसका असर पूरे एशिया पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका और पाकिस्तान इसके पड़ोसी देश हैं, जो अस्थिर हैं। जियोर्जिएवा ने चीन को लेकर कहा कि निश्चित रूप से एक तथ्य यह भी है कि चीन नाटकीय रूप से धीमा पड़ गया है, जिसका प्रभाव एशिया में दिख रहा है।

First Updated : Friday, 13 January 2023